यूपी: सर्दी और विमान के लेट होने के चलते यात्री कम कर रहे हैं हवाई सफर, दिल्ली-मुंबई के टिकट के दाम गिरे
Air services in UP: यूपी में पड़ रही सर्दी और कोहरे का असर विमान के किरायों पर पड़ा है। यात्री कम मिलने से विमान कंपनियों ने अपने किराए गिरा दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
त्योहारों पर जहां विमानों का किराया आसमान में पहुंच रहा था। वहीं कोहरे व ठंड में किराया जमीन की ओर आ रहा है। यात्री बेहद जरूरी होने पर ही सफर कर रहे हैं। यही वजह है कि दिल्ली का एयर टिकट 3,532 रुपये व मुंबई का 7,801 रुपये में मिल रहा है।
कोहरे के चलते विमानों की लेटलतीफी भी बढ़ रही है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है। इतना ही नहीं ठंड की वजह से भी यात्री सफर से बच रहे हैं। एयरवॉक ट्रेवेल एजेंसी के आतिफ ने बताया कि विमानों के टिकट बुकिंग में कमी दर्ज हो रही है। काम या मेडिकल इमजरेंसी सरीखे हालातों के सिलसिले में ही यात्री सफर कर रहे हैं। यही वजह है कि डायनेमिक फेयर होने के बावजूद किराए में अप्रत्याशित वृद्घि नहीं हो रही है। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बंगलुरु आदि जगह जाने वाली उड़ानें सामान्य दिनों के रेट के आसपास ही मिल रही हैं।
उनमें अधिक वृद्घि दर्ज नहीं हो रही है। अगले कुछ दिनों की बात की जाए तो लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की सुबह 6ः10 बजे की सीधी उड़ान का किराया 3532 रुपये है। वहीं रात पौने ग्यारह बजे की फ्लाइट का टिकट 3732 रुपये है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की सुबह साढ़े नौ बजे की उड़ान का किराया 5848 रुपये चल रहा है। दिल्ली के टिकट सामान्य दिनों में पांच हजार रुपये से स्टार्ट होते हैं। लखनऊ से बंगलुरु की एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान 9650 रुपये में, इंडिगो की 11542 रुपये में मिल रही है। लखनऊ से हैदराबाद की डायरेक्ट फ्लाइट 8497 रुपये में उपलब्ध है। आम दिनों में बंगलुरु की उड़ान दस हजार रुपये से अधिक व हैदराबाद की दस से बारह हजार रुपये में मिलती है।
6,061 में मुंबई से वापसी का टिकट
ऐसे ही लखनऊ से मुंबई जाने वाली सुबह छह बजे की सीधी उड़ान का किराया 7801 रुपये है। अकासा एयर की सीधी उड़ान का टिकट 10253 रुपये में मिल रहा। एयर इंडिया की सीधी उड़ान 10063 रुपये में बिक रहा है। मुंबई से वापसी के टिकट 6061 रुपये में मिल रहे हैं। मुंबई के टिकट आम दिनों में पांच से आठ हजार रुपये में शुरू होते हैं।
रेगुलर फुल, प्रीमियम तत्काल में सीटें खाली
लखनऊ से मुंबई जाने वाली रेगुलर ट्रेनों पुष्पक, अवध, कुशीनगर आदि में सीटें फुल हैं। तत्काल कोटे से भी यात्रियों को मायूसी मिल रही है। लेकिन प्रीमियम तत्काल कोटे में सीटें खाली हैं। इन दिनों स्लीपर से लेकर एसी बोगियों तक में 400 से अधिक सीटें रिक्त चल रही हैं। जबकि आम दिनों या त्योहारों पर प्रीमियम तत्काल की सीटें भी फुल रहती हैं।