UP: डंपर की टक्कर से दो किलोमीटर तक घिसटती गई बाइक, दो की मौत, पीछे से टक्कर मारी; मृतक रिश्ते में साढ़ू थे
राजधानी में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंसकर काफी दूर तक घिसटती रही। दोनों मृतक रिश्तेदार थे और एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस ने चालक को पकड़कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सरोजनीनगर के गेहरू अंडरपास के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक बाइक को पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामसेवक यादव (50) और उनके साढ़ू रामू यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक डंपर में फंसकर करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। पुलिस ने पीछा कर डंपर चालक को बिजनौर इलाके से पकड़ लिया।
एसएसआई सरोजनीनगर हरदारीलाल के मुताबिक, मोहनलालगंज के रानीखेड़ा हरिकंशगढ़ी निवासी रामसेवक यादव 14 जून को अपने साढ़ू, सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के नकरहा गांव निवासी रामू यादव के घर गए थे। वे रामू के घर बीते मंगलवार को आयोजित बड़े मंगल के भंडारे में शामिल हुए थे।
भंडारे के बाद बृहस्पतिवार को दोनों बाइक से किसान पथ होते हुए हरिकंशगढ़ी लौट रहे थे। बाइक रामू चला रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे सरोजनीनगर के दरोगाखेड़ा स्थित कानपुर रोड पर गेहरू अंडरपास के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डंपर में फंस गई। बाइक चला रहे रामू यादव और पीछे बैठे रामसेवक यादव सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय रामू यादव ने हेलमेट पहन रखा था।
दो किलोमीटर तक घसीटता ले गया चालक
हादसे के बाद बाइक डंपर के अगले हिस्से में फंस गई। आरोपी चालक ने डंपर रोकने के बजाय उसे भगा दिया। बाइक उसमें फंसकर लगभग दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। सड़क पर घिसटती बाइक देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
सरोजनीनगर पुलिस ने डंपर का पीछा कर उसे बिजनौर के नटकुर अंडरपास के पास पकड़ लिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौत की खबर पहुंचते ही मचा कोहराम
हादसे में रामसेवक और रामू की मौत की सूचना सरोजनीनगर पुलिस ने उनके परिजनों को दी। खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
रामसेवक के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, बेटा रिंकू यादव तथा तीन विवाहित बेटियां सुदामा, रेखा और बबली हैं। वहीं, रामू यादव के परिवार में पत्नी अंजू, बेटा निखिल और बेटी शगुन हैं।