यूपी: प्रदेश में बढ़ाई गईं मिड-डे मील की दरें, प्राथमिक में 59 पैसे प्रति छात्र हुई बढ़ोत्तरी; बजट हुआ आवंटित
Mid Day Meal in UP: यूपी के प्राथमिक स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील की दरें बढ़ा दी गई हैं। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तर पर बढ़ोत्तरी हुई है।
विस्तार
शिक्षा मंत्रालय की स्वीकृत के बाद प्रदेश में भी एक मई 2025 से मिड-डे-मील की बढ़ी हुई दरें लागू कर दी गई हैं। इसके अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में 59 पैसा बढ़ाकर 6.78 रुपये प्रतिछात्र प्रतिदिन व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 88 पैसा बढ़ाकर 10.17 रुपये प्रतिछात्र प्रतिदिन लागू कर दिया गया है।
निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की ओर से सभी डीएम को पत्र भेजकर नए वित्तीय वर्ष 2025-26 के माध्यम से बदली हुई लागत को प्रभावी कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इसके लिए बजट भी आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि स्वीकृत की जा रही धनराशि का व्यय करने से पहले यह सुनिश्चित कर लिया जाएगा कि मध्याह्न भोजन का लाभ केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित कार्य दिवस में किया जाएगा। वहीं लागत मद में धनराशि बढ़ने का लाभ बच्चों को और बेहतर भोजन देने में मिलेगा।
मंगलवार को बेटियां संभालेंगी प्रशासनिक कामकाज
प्रदेश में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत हुई है। सोमवार को प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ। इस क्रम में 23 सितंबर को बेटियां विभिन्न विभागों में एक दिन के लिए प्रशासनिक अधिकारी बनकर कामकाज संभालेंगी।
विद्यालयों में सोमवार को बेटियों ने रैली निकाली और नुक्कड़ नाटक से महिला सुरक्षा, शिक्षा और समाज में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। परिषदीय व कस्तूरबा विद्यालयों में बालिकाओं ने बाल अधिकारों की जागरूकता का प्रदर्शन किया। साथ ही मां दुर्गा के नवरूपों पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर सशक्तीकरण का संदेश दिया। इस दौरान बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान, बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का संकल्प है। हर बालिका की प्रतिभा और आत्मविश्वास को निखारना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में विविध कार्यक्रम कराए जा रहे हैं।