यूपी: प्रदेश में फरवरी में पड़ रही ऐतिहासिक गर्मी, टूटा सात दशक का रिकॉर्ड; 1952 के बाद फिर से बना ये संयोग
Weather In UP: प्रदेश में इस बार फरवरी से ही गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। 1952 के बाद से यह पहला मौका है जब पारा फरवरी के पहले सप्ताह में 30 डिग्री तक पहुंच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Heat Record In February: जलवायु परिवर्तन के भयावह परिणाम धीरे-धीरे सामने आने लगे हैं। लखनऊ में इस साल शरद ऋतु में ठंड तो कम पड़ी ही, इसके अलावा चिंताजनक बात यह है कि ठंड के महीनों में हो रही तपिश और अप्रत्याशित गर्मी दशकों के रिकार्ड तोड़ रही है। यूं तो फरवरी को गुलाबी मौसम कहा जाता है, लेकिन इस बार धूप की तल्खी और रूखी हवाओं की वजह से इसके तेवर अलग हैं। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक बीते नवंबर, दिसंबर और जनवरी में भी गर्मी के मामले में पिछले कई वर्षो का रिकार्ड टूटा है जो डरावने भविष्य की ओर इशारा करता है।
रिकॉर्ड बना रही है फरवरी
राजधानी में इस साल फरवरी के पहले दिन ही तापमान 30 डिग्री और दूसरे दिन 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक के मापन के इतिहास में कभी देखने को नहीं मिला। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल फरवरी के पहले पांच दिनों में पड़ी गर्मी ने पिछले कई दशकों का रिकार्ड तोड़ दिया है। इसके पहले साल 2006 में सात फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब सभी को इस साल के सात फरवरी पर गर्मी का एक और कीर्तिमान बनने का भय सता रहा है।
क्या कहते हैं वैज्ञानिक
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम होने से बारिश सामान्य से कम हुई। लगातार कई दिनों तक कोहरे और बादलों की नामौजूदगी रही और दिन में धूप खिली। प्रति चक्रवाती सिस्टम की सक्रियता से जनवरी आखिर से अब तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मौसम में करवट की आहट
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से नए सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वा हवाएं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर पश्चिमी यूपी में बारिश कराएंगी। इसके असर से राजधानी में मंगलवार को बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। बृहस्पतिवार से हवा का रुख बदलेगा और पछुआ चलने से दिन व रात के पारे में मामूली गिरावट के आसार हैं। सोमवार को लखनऊ में दिन का पारा सामान्य से 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 28 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं रात का तापमान 1.1 डिग्री की गिरावट के साथ 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी की हवा का हाल
सोमवार को राजधानी में लालबाग, अलीगंज और तालकटोरा में हवा की गुणवत्ता नारंगी यानी खराब श्रेणी में देखने को मिली। वहीं गोमतीनगर, कुकरैल और बीबीएयू में हवा पीली श्रेणी यानी मध्यम श्रेणी में रही।
लालबाग- 245 - नारंगी- खराब
अलीगंज- 234 - नारंगी- खराब
तालकटोरा - 216 - नारंगी- खराब
गोमतीनगर- 129 - पीला- मध्यम
कुकरैल - 106 -पीला- मध्यम
बीबीएयू- 122 - पीला- मध्यम