दसवीं पास हर लड़की को 10 हजार रुपये देगी यूपी सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिला व बाल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाति सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार बालिकाओं और महिलाओं की तरक्की के लिए लगातार काम कर रही है। सौ दिन की सरकार में महिला सुरक्षा व सशक्तीकरण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं।
पूरे प्रदेश में 181 हेल्पलाइन व रेस्क्यू वैन 24 घंटे महिलाओं की सुरक्षा में मुस्तैद हैं। एंटी रोमियो स्क्वॉयड से बेटियों व उनके परिवारीजनों में सुरक्षा का भाव आया है। बेटियां पढ़ें और बढ़ें, इसके लिए सरकार ने दसवीं पास करने वाली हर बालिका को 10 हजार रुपये बतौर पुरस्कार देने का फैसला किया है। वह बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर जनसहयोग केंद्र में जन समस्याओं की सुनवाई कर रही थीं।
मंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए जो काम पिछली सरकारें 15 सालों में नहीं कर पाई थीं, भाजपा सरकार ने वे काम तीन महीने में करके दिखा दिए। जिससे प्रदेश की महिलाओं का जीवन सुरक्षित एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और किशोरियों की मदद करने के लिए महिला एवं बाल विकास कल्याण विभाग ने महिला हेल्पलाइन 181 का विस्तार किया है। आशा ज्योति केंद्र की संख्या 11 जिलों से बढ़ाकर 64 जिलों में कर दी गई है।
कन्या भ्रूण हत्या रोकने को मुखबिर योजना
मंत्री ने कहा कि सरकार ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए ‘मुखबिर’ योजना चलाकर क्रांतिकारी कदम उठाया है। लिंग परीक्षण एवं कन्या भ्रूण हत्या की घटना की जानकारी देने वाले को दो लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा से भी इस कोशिश में मदद मिलेगी।
स्वाति ने जन सहयोग केंद्र में आए फरियादियों की समस्या के निस्तारण के लिए मौके से ही फोन पर संबंधित अधिकारियों को कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया।
महेंद्र सिंह सुनेंगे आज समस्याएं
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर 29 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेंद्र सिंह जनता की शिकायतों और समस्याओं के समाधान को मौजूद रहेंगे।
उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराम निषाद एवं प्रदेश मंत्री शंकर गिरी एवं कार्यालय सहायक आनंद पांडेय भी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र में मौजूद रहेंगे।