UP: ट्रेन और विमान सेवा पर कोहरे का भारी असर, आने-जाने दोनों तरफ की फ्लाइट लेट; ट्रेनें भी आईं देरी से
Fog in UP: कोहरे का असर प्रदेश में विमान और ट्रेनों पर बुरी तरह से पड़ रहा है। आने और जाने वाले दोनों तरह के विमान देरी का शिकार हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोहरे के चलते पिछले कई दिनों से देरी की शिकार हो रहीं तेजस, शताब्दी, गोरखधाम और कैफियात सहित कई ट्रेनों की स्थिति शनिवार को कुछ सुधरी दिखी, जबकि अमौसी एयरपोर्ट पर उड़ानों की लेटलतीफी बरकरार रही। रियाद जाने वाली उड़ान साढ़े पांच घंटे लेट रही।
तेजस एक्सप्रेस लेटलतीफी के कारण गत शुक्रवार को निरस्त कर दी गई थी। शनिवार को यह लखनऊ जंक्शन से सुबह 6:10 बजे अपने तय समय पर रवाना हुई, लेकिन दिल्ली पहुंचने तक 3:10 घंटे देरी से शाम पौने चार बजे पहुंची। इसके चलते नई दिल्ली से दोपहर 3:30 बजे नई दिल्ली से लखनऊ जंक्शन रवाना होने वाली तेजस एक्सप्रेस पौने तीन घंटे की देरी से शाम 6:16 बजे रवाना हुई। ऐसे ही रोजाना करीब 12 घंटे की देरी से बठिंडा से आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस शनिवार को 4:06 घंटे की देरी से पहुंची। कैफियात एक्सप्रेस 45 मिनट, दिल्ली-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस एक घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस सवा दो घंटे, नौचंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, लखनऊ मेल सवा घंटे, एसी एक्सप्रेस एक घंटे, चंडीगढ़-लखनऊ सुपरफास्ट ढाई घंटे, वैशाली एक्सप्रेस तीन घंटे लेटलतीफी की शिकार हुई।
ये उड़ानें भी हुईं लेट
हैदराबाद से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-453 सवा घंटे, रायपुर से आने वाली 6ई-6522 पचास मिनट, दिल्ली से आने वाली 6ई-6614 चालीस मिनट, गुवाहाटी से आने वाली 6ई-6552 आधे घंटे, कोलकाता से आने वाली 6ई-856 एक घंटे, मुंबई से आने वाली 6ई-2442 पैंतीस मिनट देरी की शिकार हुई। वहीं, लखनऊ से मुंबई जाने वाली इंडिगो की 6ई-6938 एक घंटे, दिल्ली जाने वाली इंडिगो की 6ई-758 डेढ़ घंटे, देहरादून जाने वाली 6ई-515 पच्चीस मिनट, दिल्ली जाने वाली 6ई-2292 लखनऊ-दिल्ली एक घंटे दस मिनट, दिल्ली जाने वाली 6ई-6615 पौन घंटे, कोलकाता जाने वाली 6ई-6469 एक घंटे, दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की आइएक्स-2173 दो घंटे, रियाद जाने वाली एक्सवाइ-334 साढ़े पांच घंटे, मुंबई जाने वाली क्यूपी-1526 पौन घंटे लेट हुई।
कोहरे के बीच ठंड का कहर जारी है। राजधानी में दोपहर बाद थोड़ी देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन हुए, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। शाम को ठिठुरन बढ़ गई और लोग जगह-जगह आग जलाकर तापते नजर आए। सुबह से छाए कोहरे के बीच ठंड की वजह से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पारा गिरने के साथ कोहरा भी घना हो सकता है। उन्होंने बताया कि शनिवार को दृश्यता 150 मीटर दर्ज की गई। कोहरे और ठंड की वजह से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और लोग बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचते रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम 11.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा।