{"_id":"619151548755ae3b1b689e7b","slug":"up-elections-bjp-s-manifesto-will-be-prepared-by-committee-headed-by-suresh-khanna-three-women-in-nine-member-committee","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी चुनाव : सुरेश खन्ना की अध्यक्षता वाली समिति तैयार करेगी भाजपा का घोषणा पत्र, नौ सदस्यीय समिति में तीन महिलाएं भी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी चुनाव : सुरेश खन्ना की अध्यक्षता वाली समिति तैयार करेगी भाजपा का घोषणा पत्र, नौ सदस्यीय समिति में तीन महिलाएं भी
Mon, 15 Nov 2021 10:28 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 15 Nov 2021 10:28 AM IST
सार
सुरेश खन्ना को घोषणा पत्र तैयार करने से पहले सभी क्षेत्रों का दौरा करने के साथ किसान, महिला, युवा, कर्मचारी, शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, पिछड़े, दलित वर्ग के साथ सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों से रायशुमारी करने को कहा गया।
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र में प्रदेश के हर क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पुरानी समस्याओं के समाधान से जुड़े मुद्दे शामिल किए जाएंगे। पार्टी ने विधानसभा चुनाव का घोषणा पत्र तैयार करने के लिए रविवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में क्षेत्रीय संतुलन बनाने के साथ वहां की स्थानीय मुद्दों पर जानकारी रखने वाले सांसदों और मंत्रियों को शामिल किया गया है।
विज्ञापन
घोषणा पत्र के लिए समिति गठित करने के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक खन्ना को घोषणा पत्र तैयार करने से पहले सभी क्षेत्रों का दौरा करने के साथ किसान, महिला, युवा, कर्मचारी, शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, पिछड़े, दलित वर्ग के साथ सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों से रायशुमारी करने को कहा गया। घोषणा पत्र में खासतौर पर ऐसे वादों को शामिल करने पर जोर दिया गया जिनका चुनाव में फायदा मिले और सरकार आगामी पांच वर्ष में पूरा कर सके।
विज्ञापन
क्षेत्रीय संतुलन के साथ अनुभवी लोगों पर दारोमदार
भाजपा ने घोषणा पत्र समिति तैयार करते समय क्षेत्रीय संतुलन बनाने के साथ अनुभवी और विश्वसनीय लोगों लोगों को जिम्मेदारी दी है। शाहजहांपुर से लगातार विधायक चुने जा रहे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना प्रदेश में भाजपा के वरिष्ठतम नेताओं में है। खन्ना के पास प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की जमीनी जानकारी के साथ हर वर्ग में बड़ा नेटवर्क है। प्रदेश सरकार की मौजूदा अर्थव्यवस्था और संसाधनों से भलिभांति वाकिफ सुरेश खन्ना के पास आगामी पांच वर्ष में संभावित अर्थव्यवस्था का आकलन भी है। प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग वैश्य समाज से है। वैश्य समाज के लोगों से संपर्क कर से जुड़ी मांगों के साथ उनके कल्याण से जुड़ी योजनाओं को घोषणा पत्र में शामिल कराने में गर्ग की भूमिका रहेगी।
विज्ञापन
पूर्व पुलिस महानिदेशक और राज्यसभा सदस्य ब्रजलाल को समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा कानून व्यवस्था में सुधार को मुख्य चुनावी मुद्दा बना रही है। ऐसे में भाजपा के घोषणा पत्र में ब्रजलाल की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। घोषणा पत्र में पुलिस की नई भर्तियों, पुलिसिंग में सुधार, पुलिस में नई तकनीक का उपयोग, अपराधियों पर नकेल कसने जैसे मुद्दों को शामिल करने के लिए ब्रजलाल की राय महत्वपूर्ण होगी।
सीतापुर से भाजपा सांसद राजेश वर्मा कुर्मी समाज के बड़े नेता भी है। वर्मा 1999, 2004, 2014 और 2019 में सांसद चुने गए। पिछड़ी जातियों से जुड़े मुद्दों के साथ अवध क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान को घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए वर्मा की राय को घोषणा पत्र में स्थान दिया जा सकता है।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद विजय पाल सिंह तोमर को भी समिति का सदस्य बनाया है। तोमर मेरठ के रहने वाले है। पश्चिमी यूपी में खासतौर पर मेरठ मंडल में किसान आंदोलन का असर होने के मद्देनजर तोमर को शामिल किया है। तोमर के फीडबैक के आधार पर पश्चिमी यूपी में किसानों से जुड़े मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल किया जा सकता है।
प्रयागराज की सांसद रीता बहुगुणा जोशी प्रदेश सरकार में महिला कल्याण मंत्री भी रही है। घोषणा पत्र में पूर्वांचल के साथ महिलाओं और बेटियों जुड़े मुद्दों को शामिल करने में डॉ. रीता बहुगुणा का अनुभव काम आएगा। वहीं राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम और सीमा द्विवेदी को भी महिलाओं, बेटियों से जुड़े मुद्दों पर रिसर्च कर उन्हें घोषणा पत्र में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जौनपुर की सीमा द्विवेदी तीन बार विधायक भी रही है।
भाजपा के योजना एवं शोध विभाग के प्रदेश संयोजक पुष्कर मिश्रा को भी समिति में शामिल किया है। पुष्कर मिश्रा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जेएनयू से पीएचडी है। शोध में रुचि रखने वाले पुष्कर मिश्रा के अनुभव का लाभ भी पार्टी घोषणा पत्र में लेगी।