यूपी: डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सुनीं जनता की तकलीफें, फोन मिलाकर अधिकारियों को दिए समस्या हल करने के निर्देश
Deputy CM Keshav Maurya: यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सोमवार को जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर बात की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता से सुना और मौके पर मौजूद व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि हर व्यक्ति की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाए और समाधान ऐसा हो कि पीड़ित को एक ही काम के लिए दोबारा कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फतेहपुर, सीतापुर, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज और कन्नौज जैसे जिलों के आला अधिकारियों से फोन पर सीधी बात की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की शिकायतों को प्राथमिकता पर रखने को कहा।
लापरवाही नहीं होगी स्वीकार्य
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद, अवैध कब्जे, उत्पीड़न और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की जवाबदेही तय करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
इस कार्यक्रम में शाहजहांपुर, लखीमपुर, प्रयागराज, कानपुर देहात और सहारनपुर समेत लगभग तीन दर्जन जनपदों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शिकायतों का निस्तारण न केवल समयबद्ध हो, बल्कि गुणवत्तापूर्ण भी होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जहाँ भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन का शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।