यूपी सिपाही भर्ती: संपन्न हुई पांच दिवसीय परीक्षा,भर्ती बोर्ड-डीजीपी मुख्यालय ने रचा इतिहास, सीएम ने दी बधाई
UP Constable Recruitment Exam:यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा संपन्न हो गई। पांच दिनों में दस पालियों में हुए इस परीक्षा में अंतिम दिन कुछ 72 फीसदी परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा का सकुशल आयोजन कर उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और डीजीपी मुख्यालय ने नया इतिहास रच दिया। शनिवार को भर्ती परीक्षा का पांचवां एवं अंतिम दिन भी सकुशल गुजरा और 72 फीसद अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं अलग-अलग जिलों की पुलिस एवं एसटीएफ द्वारा कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक सॉल्वर और परीक्षा पास कराने का झांसा देने वाले 5 ठग शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी है।
बता दें कि शनिवार को आयोजित परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले 4 अभ्यर्थियों को कानपुर से पकड़ा गया, जिनमें मैनपुरी निवासी विपनेश कुमार, आगरा निवासी सोनू सिंह, निहाल सिंह और मथुरा निवासी ओमवीर शामिल हैं। बिहार के अभिमन्य ओझा को ललितपुर से, बुलंदशहर निवासी वीर सिंह को सहारनपुर से, बिहार निवासी सुमित कुमार को महोबा से, अलीगढ़ निवासी सुखबीर सिंह को बुलंदशहर से, प्रयागराज निवासी छोटा निषाद को बांदा से, कन्नौज निवासी शारिक को फतेहपुर से और शामली निवासी प्रीत सिंह व सहारनपुर निवासी अनुज कुमार को बागपत से गिरफ्तार किया गया।
बिजनौर में बुलंदशहर निवासी अनिल कुमार को फर्जी दस्तावेज बनाकर परीक्षा देने का प्रयास करने के दौरान गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एसटीएफ ने तीन जालसाजों फिरोजाबाद निवासी अखिलेश, विनय कुमार व आगरा निवासी अमित बघेल को आगरा से गिरफ्तार किया। वहीं प्रतापगढ़ से शुभम सोनकर और पवन कुमार पाल को भी अभ्यर्थियों से ठगी करने के आरोप में एसटीएफ ने पकड़ा है। इन सभी के खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
करीब 30 फीसदी अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
इस तरह हुआ परीक्षा का सफल आयोजन
- प्रश्न पत्र की छपाई और वितरण तक हर काम के लिए अलग एजेंसी
- केवल सरकारी संस्थान बने परीक्षा केंद्र, पूरी परीक्षा सीसीटीवी निगरानी म हुई
- सीसीटीवी को भर्ती बोर्ड के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया
- परीक्षा से पहले सभी अभ्यर्थियों आधार सत्यापन किया गया
- महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग महिला पुलिस कर्मियों द्वारा की गई
- केन्द्र, उनके कक्षों, सभी गेट, स्ट्रांग रूम, कॉरिडोर कैमरे की जद में रहे
- अभ्यर्थियों की डिजिटल फोटो कैप्चरिंग, फेशियल रिकग्निशन, बायोमैट्रिक्स (फिंगर प्रिन्ट/आइरिश) एवं शत-प्रतिशत रियल टाइम आधार सत्यापन कराया गया
- कैमरों की मॉनिटरिंग जिले के कंट्रोल रूम, कमांड सेंटर, भर्ती बोर्ड द्वारा की गई
- गोपनीय सामग्री की सुरक्षित अभिरक्षा के लिए ट्रेजरी, स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी
- गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन हेतु प्रत्येक केंद्र के लिए एक डेडिकेटेड वाहन एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट पर्याप्त सशस्त्र पुलिस कर्मियों का इंतजाम
पुलिस बल की तैनाती
- 8 कंपनी सीएपीएफ
- 137 अपर पुलिस अधीक्षक
- 522 पुलिस उपाधीक्षक
- 3876 निरीक्षक
- 32311 उप निरीक्षक
- 47587 मुख्य आरक्षी
- 86244 आरक्षी
- 74 पर्यवेक्षक पुलिस अधिकारी
सीएम ने दिया धन्यवाद
आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई। परीक्षा में सहभागिता करने वाले सभी ऊर्जावान और अनुशासित युवाओं को मनोनुकूल परिणाम प्राप्त हों, सभी का भविष्य उज्ज्वल हो, इस हेतु मंगलकामनाएं। विश्व की सबसे बड़ी सिविल पुलिस भर्ती परीक्षा को सफलतापूर्वक, सकुशल संपन्न कराने में सहयोगी सभी जनों, भर्ती बोर्ड और समस्त जिलों के प्रशासन को धन्यवाद।- योगी आदित्यनाथ
सफल रही परीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में भर्ती बोर्ड द्वारा आरक्षी भर्ती 2023 की पांच दिवसीय परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। इस आयोजन में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों का भर्ती बोर्ड धन्यवाद देता है। अभ्यर्थियों ने बोर्ड के निर्देशानुसार अनुशासन और गंभीरता के साथ प्रतिभाग किया। बोर्ड शीघ्र ही आगे की प्रक्रिया की ओर बढ़ेगा, जिसकी सूचना अभ्यर्थियों को वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी।- राजीव कृष्णा, अध्यक्ष, उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड