यूपीः पिस्टल लगाकर घूम रहे नायब तहसीलदार को मंत्री स्वाति सिंह ने कहा 'गुंडा', वकीलों ने किया कार्य बहिष्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के सरोजनीनगर तहसील के नायब तहसीलदार मनीष त्रिपाठी पर राज्य मंत्री स्वाति सिंह मंगलवार को जमकर बरसीं। उन्होंने नायब तहसीलदार को आदत सुधारने की नसीहत भी दी। मौका था सरोजनीनगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का।
मंत्री स्वाति सिंह पहुंचीं तो नायब तहसीलदार मनीष त्रिपाठी उन्हें बाहर ही टहलते दिखाई पड़े। इसके बाद मंत्री जब तहसील के हाल में चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में पहुंचीं तो कुछ देर बाद वहां नायब तहसीलदार मनीष त्रिपाठी भी पहुंच गए।
नायब तहसीलदार अपना लाइसेंसी पिस्टल कमर में खुला ही लगाए हुए थे, जिसे देखते ही मंत्री भड़क गईं। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम जारी होने के दौरान नायब तहसीलदार को बाहर टहलने पर आपत्ति जताते हुए जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि ये नायब तहसीलदार हैं या गुंडा हैं। उन्होंने नायब तहसीलदार को सुधरने की हिदायत देते हुए कहा कि वह नहीं सुधरें तो जल्द ही मुख्यमंत्री से कहकर पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करा दिया जाएगा।
सरोजनीनगर में वकीलों ने किया कार्य बहिष्कार
सरोजनीनगर तहसील में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर नायब तहसीलदार मनीष त्रिपाठी को राज्यमंत्री स्वाति सिंह की ओर से फटकार लगाने और उन पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से नाराज वकीलों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार किया।
सरोजनीनगर तहसील बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी के चेयरमैन प्रभात शुक्ला एडवोकेट के नेतृत्व में बुधवार को वकीलों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए मंत्री के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।
उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार को गुंडा शब्द कहा जाना निंदनीय है। इसलिए न्यायालय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने को लेकर वकील न्याय कार्य से विरत रहे। इस मौके पर एसोसिएशन के सदस्य राम कुमार यादव, महेश प्रसाद, अरुण कुमार सिंह, आदेश यादव और पंकज सिंह चौहान सहित तमाम वकील मौजूद रहे।
बंथरा में नहीं थम रहा अवैध खनन
बंथरा इलाके में अवैध खनन बेरोकटोक जारी है। यहां बेंती गांव में बीते काफी दिनों से जारी अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे कई बार तहसील और संबंधित थाने पर अवैध खनन की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर रहा। वहीं बुधवार को सोशल मीडिया पर अवैध खनन का वीडियो वायरल होने से जिम्मेदार अधिकारियों में अफरातफरी है।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां सरकारी तालाब के रूप में दर्ज खसरा संख्या- 326 व 329 पर पिछले काफी समय से चोरी छुपे रात को जेसीबी मशीन व कई डंपरों से अवैध खनन जारी है। उधर, इस संबंध में सरोजनीनगर एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।