नो पार्किंग में खड़ी कैबिनेट मंत्री की कार उठाई, भरना पड़ा जुर्माना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘साहब, ये तो मंत्री जी की सरकारी गाड़ी है। जबाव आया, तो क्या हुआ? हमारी ड्यूटी नो पार्किंग में खड़ी हुई गाड़ियों को उठाने की है। इसे चौकी ले चलो। अब चालान तो भरना ही होगा।’
यह पूरा घटनाक्रम बुधवार को नगर निगम के लालबाग स्थित मुख्यालय से सटे मार्केट के आगे मुख्य सड़क पर हुआ। यहां एक लाल बत्ती लगी अंबेसडर कार को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया गया था, जबकि वहां नो पार्किंग का बोर्ड भी लगा हुआ था।
इस बीच नगर निगम के तहत क्रेन चालक उमर रूमान और कांस्टेबल श्यामवीर यादव वहां पहुंचे। दोनों की निगाह नो पार्किंग में खड़ी लाल बत्ती कार पर पड़ी।
कार मत्स्य विकास और सार्वजनिक उद्यम मंत्री इकबाल महमूद की थी। पर नगर निगम के इन कर्मचारियों पर सूबे की सरकार में कैबिनेट मंत्री का प्रभाव हावी नहीं हो सका। वे सड़क पर खड़ी कार को क्रेन से उठाकर चौकी ले आए।
सरकारी गाड़ी के ड्राइवर को जब कार क्रेन से उठाए जाने की सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंचा, लेकिन कार को बिना चालान छोड़ने के लिए साफ मना कर दिया गया। चालान काटने वाले नगर निगम स्टाफ दिग्विजय सिंह ने बताया कि चालक और कांस्टेबल दोनों ने अपनी ड्यूटी बखूबी निभाई।
भरना पड़ा 1100 रुपये का जुर्माना
चौकी पर लाकर कार के ड्राइवर एसएस चौहान के नाम चालान काटा गया। ड्राइवर ने चालान कटने के बाद 1100 रुपये का जुर्माना भरा। इसके बाद ही उसे कार ले जाने दिया गया। इसके साथ ही ड्राइवर को दोबारा ऐसा नहीं करने की हिदायत दी गई। जिस वक्त कार नो पार्किंग में खड़ी थी, उसमें कैबिनेट मंत्री मौजूद नहीं थे। ड्राइवर ही कार को लेकर लालबाग गया था।
विधायक की गाड़ी भी उठाई
लालबाग में ही एक अन्य कार्रवाई में एक विधायक की स्कॉर्पियो को भी क्रेन से उठाया गया। यह गाड़ी भी नो पार्किंग एरिया में खड़ी थी। देर शाम तक चालान जमा नहीं होने से कार चौकी पर ही खड़ी रही। गाड़ी बस्ती के विधायक संजय जायसवाल की बताई जा रही है।
महिला की कार उठाने पर हंगामा
हजरतगंज में सहारागंज के पास नो पार्किंग में कार खड़ी कर बच्चे को स्कूल से लेने गई महिला की कार भी ट्रैफिक पुलिस की क्रेन उठा ले गई। महिला बच्चे को लेकर लौटी तो कार गायब देख उनके होश उड़ गए।
लोगों ने कार ट्रैफिक पुलिस द्वारा उठवाए जाने की बात कही तो वह शाहनजफ रोड पर चेकिंग में जुटे सीओ ट्रैफिक अवनीश मिश्रा के पास पहुंच गई और जमकर हंगामा किया और बीच सड़क रोने लगी।
इस पर सीओ ने महिला को दोबारा नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी न करने की हिदायद देकर महिला की कार जुर्माना वसूले बिना लौटा दी।