यूपी: दूसरे के बिजली बिल के मैसेज से हैं परेशान? अब घर बैठे हटाएं अपना मोबाइल नंबर; जानें कैसे
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने उपभोक्ताओं को गलत बिजली कनेक्शन से अपना मोबाइल नंबर हटाने की सुविधा दी है। इसके लिए उपभोक्ता आधिकारिक लिंक पर मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापित कर सकते हैं। इसके बाद कनेक्शन सूची देखकर गलत खाते चुनकर नंबर हटाने का अनुरोध जमा करना होगा। बदलाव माह के अंत में होगा।
विस्तार
आप दूसरे के बिजली कनेक्शन के बिल मेसेज से परेशान हैं। और, आपको प्रतिमाह बिल बनने का मेसेज आपके मोबाइल नंबर पर नहीं आ रहा है। तो, आप परेशान न हो। पॉवर कॉर्पोरेशन ने इस मुसीबत से निकलने की सुविधा उपभोक्ता को ही दे दी है। अब उपभोक्ता खुद ही घर बैठे ही बिजली कनेक्शन के गलत अकाउंट से अपना मोबाइल नंबर को हटा सकता है।
लखनऊ मध्य जोन के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि कंज्यूमर एप के जरिये कोई भी उपभोक्ता उनके कार्यालय आए बिना ही दूसरे के कनेक्शन नंबर पर दर्ज मोबाइल नंबर को देखकर उसे हटा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस लिंक: https://consumer.uppcl.org/wss/dlink-mobile-number के सहयोग से दूसरे के बिजली कनेक्शन के संबंध में मिलने वाले मेसेज से मुक्त हो सकते हैं।
ओटीपी का सत्यापन होते ही कनेक्शन की सूची सामने
अधीक्षण अभियंता (स्मार्ट मीटर )हरीश चौधरी ने बताया कि कंज्यूमर एप पर उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेगा तो सत्यापन के लिए उसके पास ओटीपी आएगी। उपभोक्ता जैसे ही ओटीपी का सत्यापन करेगा, वैसे उसके सामने उन बिजली कनेक्शन के अकाउंट नंबर डिस्प्ले होकर सामने आ जाएंगे, जिन पर उनका मोबाइल नंबर दर्ज होगा।
उपभोक्ता ठीक से अपने बिजली कनेक्शन के अकांउट नंबर और मोबाइल नंबर देखकर उस पर क्लिक कर सेव कर ले। और,जिन कनेक्शन के अकाउंट नंबर से अपना मोबाइल नंबर हटाना चाहता, उसको सेलेक्ट कर समिट कर दे। ऐसे मोबाइल नंबर माह के अंत में कनेक्शन के अकांउट नंबर से हट जाएंगे।
एजेंसी कर्मियों का घालमेल
मध्यांचल निगम के एक अफसर ने बताया कि बिलिंग एजेंसी कर्मियों ने सर्वे के दौरान यह घालमेल किया है। ऐसे कर्मियों ने उपभोक्ताओं के सही मोबाइल नंबर लिए बिना ही अपने कार्यालय से एक ही उपभोक्ता का मोबाइल नंबर तमाम कनेक्शन के अकांउट नंबर में फीड कर दिया। इससे आए दिन उन उपभोक्ताओं के पास बिजली संबंधी मेसेज पहुंच रहे हैं।