लखनऊ: ट्रक का टायर समझकर उठा ले गए थे मिराज का टायर, चोरी नहीं, ट्रक से गिर गया था, किया वापस
फाइटर प्लेन मिराज 2000 का टायर मिल गया है। यह ट्रक से गिर गया था। इसके बाद इसके ट्रक से ही चोरी होने की बात कही जा रही थी।
विस्तार
आशियाना थाना क्षेत्र में शहीद पथ पर चलते ट्रक से चोरी हुआ फाइटर प्लेन का टायर शनिवार को नाटकीय ढंग से मिल गया। बताया जा रहा है कि यह टायर ट्रक से गिर गया था, जिसे दो लोग उठा ले गए थे। अखबार में इसकी खबर प्रकाशित होने पर उन्हें पता चला कि टायर किसी ट्रक का नहीं बल्कि फाइटर प्लेन का है। इस पर दोनों लोगों ने शनिवार को बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन जाकर टायर लौटा दिया।
दरअसल बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन से 26 नवंबर की रात फाइटर प्लेन के पांच टायर व अन्य सामान लेकर एक ट्रक जोधपुर के लिए रवाना हुआ था। अगले दिन ट्रक चालक ने आशियाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि शहीद पथ पर जाम के दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने चलते ट्रक का तिरपाल काटकर फाइटर प्लेन का एक टायर चुरा लिया है।
इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। एयरफोर्स की इंटेलिजेंस यूनिट ने चालक को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू की थी। जबकि पुलिस ने बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन से लेकर घटनास्थल तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
टायर लेकर पहुंचे बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन
इस बीच शनिवार को गोमतीनगर के विरामखंड निवासी दीपराज व उनका रिश्तेदार हिमांशु बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन पर फाइटर प्लेन का उक्त टायर लेकर पहुंचे। दीपराज ने बताया कि 26 नवंबर की रात शहीद पथ पर मेन रोड व सर्विस लेन के बीच उन्हें टायर पड़ा मिला था। पेशे से चालक दीपराज इसे ट्रक का टायर समझकर उठा ले गया था। फिर अखबारों व न्यूज चैनल पर शहीद पथ से फाइटर प्लेन का टायर चोरी होने की खबर देखी।
उन्होंने बताया कि चूंकि टायर सामान्य से कुछ अलग लग रहा था। इसके चलते दीपराज व हिमांशु शनिवार को उसे लेकर बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन पहुंच गए। आशियाना इंस्पेक्टर धीरज शुक्ल ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चालक की लापरवाही से टायर ट्रक से गिरा होगा। ऐसे में मामले में छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।