स्वाइन फ्लू से दो और मौतें, अब तक 16 की मौत, 51 नए मरीज मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में स्वाइन फ्लू से शनिवार को फिर दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग को केजीएमयू व पीजीआई से मिली रिपोर्ट में 51 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। राजधानी में एच1एन1 वायरस के संक्रमण से अब जहां 16 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 1319 पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक, 65 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला को करीब तीन दिन पहले केजीएमयू में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा महिला को गुर्दा रोग संबंधी शिकायत भी थी। केजीएमयू में शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा राजाजीपुरम की 47 वर्षीय महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।
उसका इलाज घर पर ही किया जा रहा था। शनिवार को उसकी भी मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से महिला की मौत की पुष्टि तो हुई है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला के बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
दवा वितरण न करने पर डॉक्टर को नोटिस
स्वाइन फ्लू के मरीजों को दवा वितरण के लिए टीम में ड्यूटी पर लगाए गए डॉ. शकील को अनुपस्थित रहने पर सीएमओ डॉ. जीएस वाजपेयी ने नोटिस भेजा है। शनिवार को जारी नोटिस में उनसे ड्यूटी पर उपस्थित न होने पर दो दिन में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष ने सीएमओ से डॉक्टर के निर्धारित ड्यूटी पर समय से उपस्थित न होने, 25 अगस्त को ड्यूटी लगी होने के बावजूद किसी भी मरीज को दवा उपलब्ध न कराने, मरीज के घर पर कोई भी व्यक्ति न होने जैसी गलत जानकारी देने की शिकायत की थी।
बुजुर्ग महिला में डेंगू की पुष्टि
केजीएमयू से शनिवार को मिली रिपोर्ट में राजधानी के एक और मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ कर 40 पहुंच गया है, जबकि इससे एक मौत भी हो चुकी है। शनिवार को राजाजीपुरम की मालती सेन (95) की 26 अगस्त को केजीएमयू में डेंगू की जांच की गई थी, जिनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।