Gonda: पिकअप से टकराकर हवा में उछल गई कार, हादसे में चालक समेत दो की मौत, तीन बच्चे गंभीर घायल
मनकापुर कोतवाली में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन बच्चे गंभीर घायल हो गए। हादसे में एक कार पिकप से टकरा गई।
विस्तार
मनकापुर-उतरौला मार्ग पर मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मरौचा गांव के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार पिकअप की सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गये। हवा में उछलने के बाद कार सड़क किनारे जा गिरी जिससे कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही कार में सवार तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बलरामपुर जिले के रेहराबाजार थाना क्षेत्र के ग्वालियर ग्रांट गांव के रहने वाले अश्वनी कुमार मिश्रा अपने मित्र की आल्टो कार से परिवार के साथ वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरियाडीह आये थे। बुधवार की देर रात ससुराल से अपने गांव वापस जा रहे थे। अश्विनी के साथ उनकी बेटी प्रतिज्ञा मिश्रा (12) प्रज्ञा मिश्रा (15) व बेटा प्रियांशु मिश्रा (10) भी था। कार को उनका मित्र रमाकांत वर्मा उर्फ जैसन चला रहे थे। कार मरौचा गांव के पास पहुंची ही थी तभी हादसा हो गया। भिड़ंत के बाद धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना मनकापुर पुलिस को दी।
कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया जिसमें अश्वनी मिश्रा (41) व रमाकांत वर्मा (55) की मौत हो चुकी थी। वहीं, कार में बैठे तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल थे। मनकापुर कोतवाल संतोष मिश्रा ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है वहीं मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.