मुलायम के घर आज शगुन ले जाएंगे लालू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी व अन्य परिवारीजनों के साथ शगुन लेकर रविवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के राजधानी स्थित आवास पर पहुंचेंगे।
इस कार्यक्रम में परिवार के लोग ही मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि मुलायम के पौत्र तेज प्रताप सिंह की शादी लालू की छोटी बेटी राजलक्ष्मी से तय हुई है। इसी का शगुन लेकर लालू यहां आ रहे हैं। तेज प्रताप और राजलक्ष्मी की सगाई 16 दिसंबर को दिल्ली में होने की संभावना है।
शादी फरवरी में हो सकती है। मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप उर्फ तेजू यादव और लालू प्रसाद यादव की पुत्री के विवाह से दो बड़े राजनीतिक परिवार रिश्तों की डोर से ही नहीं बंधेंगे बल्कि इससे देश की सियासत में एक मजबूत राजनीतिक गठजोड़ भी आकार ले लेगा।
मुलायम सिंह यादव और लालू प्रसाद यादव के समधी बनने से सिर्फ इन दोनों की हैसियत नहीं बढ़ेगी बल्कि मुस्लिमों व पिछड़ों को राजनीति में एक मजबूत विकल्प भी मुहैया हो जाएगा। साथ ही पिछले दिनों बिखरे जनता दल परिवार को एकजुट करने का काम भी काफी आसान हो जाएगा।
रिश्ते से मजबूत होगा सियासी गठबंधन
वैसे भी केंद्र में मोदी की सरकार को देखते हुए इन रिश्तों से बनने वाले सियासी गठबंधन की संभावनाएं ज्यादा मजबूत और व्यापक नजर आती हैं। खासतौर से मुस्लिम मतदाताओं को इस बहाने एक मजबूत राजनीतिक विकल्प मिलने की संभावनाएं ज्यादा बढ़ गई हैं।
जिस तरह मुस्लिम मतदाता का चुनावी मूड रहता है, उसके मद्देनजर स्वाभाविक रूप से लालू और मुलायम एक मंच पर खड़े होकर ज्यादा प्रभावी होंगे?
वे मुस्लिम मतदाताओं को ज्यादा आकर्षित करेंगे क्योंकि मुस्लिम मन में कहीं न कहीं यह बात जरूर रहेगी कि दो बड़े पिछड़े चेहरों के कारण पिछड़ा और उनका (मुसलमान) वोट मिलकर भाजपा को कड़ी चुनौती दे सकता है।
वैसे तो दोनों नेता अब संबंधी होने के कारण एक हो जाएंगे पर दोनों में एक जैसी कई बातें हैं। यूपी की राजनीति में मुलायम मौजूदा दौर के सबसे कद्दावर नेता माने जाते हैं। उसी तरह लालू प्रसाद ने बिहार पर 15 साल राज किया।
मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री हैं तो लालू की पत्नी राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। धर्मनिरपेक्षता के सवाल पर भी दोनों एक ही जैसे दिखते हैं। छात्र राजनीति से देश की सियासत में आने के अलावा दोनों ही आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले तत्कालीन युवा चेहरों में अग्रणी रहे हैं।