{"_id":"65d7671544d12c6bfe064fc6","slug":"sp-called-its-mlas-to-lucknow-for-rajya-sabha-elections-2024-02-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"राज्यसभा चुनाव : भाजपा के सहयोगी दलों पर सपा करेगी सेंधमारी, अपने विधायकों को किया लखनऊ तलब","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राज्यसभा चुनाव : भाजपा के सहयोगी दलों पर सपा करेगी सेंधमारी, अपने विधायकों को किया लखनऊ तलब
Thu, 22 Feb 2024 11:10 PM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Thu, 22 Feb 2024 11:10 PM IST
सार
Rajya Sabha elections: राज्यसभा चुनाव के पहले सपा और भाजपा अपने-अपने विधायकों को लामबंद करने में जुटी हैं। सपा के निशाने पर भाजपा के सहयोगी दलों के विधायक हैं।
विज्ञापन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व जया बच्चन।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
सपा ने भाजपा के तीन सहयोगी दलों सहित पांच पार्टियों में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है। फुटबाल के खेल की तरह सपा इन सभी दलों के एक-एक विधायक के पीछे अपना एक-एक विधायक लगाएगी। उन्हें तोड़ने के लिए साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपनाई जाएगी। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 24 फरवरी को अपने सभी विधायक लखनऊ तलब कर लिए हैं। किसी तरह की टूट-फूट रोकने के लिए सभी को एक ही जगह ठहराने की तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन
जिस तरह फुटबाल में घेरने का गेम प्लान होता है कि हर खिलाड़ी के पीछे प्रतिद्दंदी टीम अपना एक खिलाड़ी लगा देती है। ठीक उसी तरह समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा के सहयोगी दल निषाद पार्टी, अपना दल (सोनेलाल), सुभासपा के अलावा राष्ट्रीय लोकदल और राजा भैया की जनसत्तादल लोकतांत्रिक के विधायकों से बात करने के लिए अपने संगठन के लोग लगा दिए हैं। इन पांचों दलों के हर विधायक से सपा के एक-एक विधायक बात करेंगे। उनके साथ बैठकर उन्हें सपा प्रत्याशी को वोट देने की हर संभावना पर बात की जाएगी। फीडबैक के आधार पर नेतृत्व अंतिम फैसला लेगा। इन पांचों दलों में कभी न कभी सपा से जुड़े रहे विधायक भी हैं, जिनके सपा विधायकों से अच्छे संबंध हैं। निषाद पार्टी और सुभासपा में छह-छह विधायक हैं। अपना दल (सोनेलाल) में 13 विधायक हैं। राष्ट्रीय लोकदल में नौ और राजा भैया की पार्टी से दो विधायक हैं।
विज्ञापन
ट्रेनिंग के लिए सभी विधायक तीन दिन पहले तलब
सपा ने मतदान संबंधी प्रशिक्षण के लिए अपने सभी विधायकों को 24 को ही लखनऊ में तलब कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक सेंध की आशंका को देखते हुए विधायकों को तीन दिन पहले बुला लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक सभी को पार्टी अपने खर्च पर एक ही स्थान पर ठहराएगी। राज्यसभा चुनाव में सपा के तीन प्रत्याशी हैं- रामजी लाल सुमन, जया बच्चन और आलोक रंजन। दो प्रत्याशियों को जिताने के लिए सपा के पास पर्याप्त वोट हैं। अपना तीसरा प्रत्याशी जिताने के लिए सपा को 111 वोट चाहिए। 108 वोट सपा और 2 कांग्रेस के हैं। एक वोट कम है। जिसके लिए पूरी ताकत झोंकी जा रही है।
विज्ञापन
रामजी लाल सुमन को वोट देंगी पल्लवी पटेल
विधायक पल्लवी पटेल का सपा के राज्यसभा प्रत्याशी रामजीलाल सुमन को वोट देना तय माना जा रहा है। बताया गया है कि सपा नेतृत्व से वार्ता के बाद पल्लवी के रुख में नरमी आई है। टिकट वितरण से नाराज चल रहीं पल्लवी पटेल पीडीए से जुड़े सुमन को वोट करेंगी। बाकी दोनों प्रत्याशियों आलोक रंजन और जया बच्चन को वोट नहीं करेंगी।