{"_id":"66d0bb9508fdb7fd2b0b2f7a","slug":"sipahi-bharti-exam-big-challenge-for-up-police-2024-08-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sipahi Bharti Exam: दो दिन अभ्यर्थियों के साथ भर्ती बोर्ड की भी अग्नि परीक्षा, रहेगी पैनी नजर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sipahi Bharti Exam: दो दिन अभ्यर्थियों के साथ भर्ती बोर्ड की भी अग्नि परीक्षा, रहेगी पैनी नजर
Fri, 30 Aug 2024 12:10 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Fri, 30 Aug 2024 12:10 AM IST
सार
पेपर लीक को रोकने में अब तक सफल रहे भर्ती बोर्ड ने शुक्रवार और शनिवार को दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे तक और दोपहर तीन से पांच बजे तक परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किया है।
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन शुक्रवार और शनिवार को होगा। इसमें करीब 19.20 लाख अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि 23, 24 व 25 अगस्त को आयोजित परीक्षा में करीब 30 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित थे। अगले दो दिन तक लाखों अभ्यर्थियों के साथ उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भी कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। पेपर लीक को रोकने में अब तक सफल रहे भर्ती बोर्ड ने शुक्रवार और शनिवार को दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे तक और दोपहर तीन से पांच बजे तक परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किया है।
विज्ञापन
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी राजीव कृष्णा ने बताया कि बोर्ड द्वारा तकनीक की मदद से प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से लेकर ओएमआर शीट को वापस सुरक्षित जमा कराने तक की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी का प्रबंध किया गया है। एसटीएफ और जिलों की पुलिस द्वारा सॉल्वर्स और परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास करने वालों को केंद्रों के मुख्य द्वार पर ही पकड़ने का इंतजाम किया गया है।
विज्ञापन
10 लाख से अधिक एडमिट कार्ड डाउनलोड
बता दें कि 30 व 31 अगस्त को होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए अब तक 10 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं। जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज उनके आधार कार्ड से मिलान नहीं कर रहे, उन्हें परीक्षा शुरू होने के करीब ढाई घंटे पूर्व केंद्र में जाकर ई केवाईसी कराना होगा।
विज्ञापन