UP: 'दल और दिल' बदलने का इरादा तो नहीं... अखिलेश पर टिप्पणी की तो चाचा शिवपाल ने डिप्टी सीएम को दिया सख्त जवाब
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर शिवपाल सिंह यादव ने सख्त जवाब देते हुए कहा कि आपकी तो सरकार और संगठन में भी नहीं चल रही है। केशव ने कांग्रेस से बसपा के हाथ मिलाने को लेकर टिप्पणी की थी।
विस्तार
यूपी में बसपा के इंडिया गठबंधन में शामिल होने, न होने की चर्चाओं के बीच नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर भी लगातार चल रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस से बुआ हाथ न मिला लें, कहीं इसलिए तो बबुआ परेशान नहीं है। जिस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने डिप्टी सीएम केशव को सख्त जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि 'सरकार' आपकी स्वयं के संगठन और सरकार में तो चल नहीं रही है, इसलिए संगठन और सरकार के दायित्व से इतर नजर बहुत पैनी रख रहे हैं। कहीं भाजपाई दंगल में बाहर कर दिए जाने की वजह से 'दल और दिल' बदलने का इरादा तो नहीं?
'सरकार' आपकी स्वयं के संगठन और सरकार में तो चल नहीं रही है, इसलिए संगठन और सरकार के दायित्व से इतर नजर बहुत पैनी रख रहे हैं।
विज्ञापन विज्ञापन
कहीं भाजपाई दंगल में बाहर कर दिए जाने की वजह से 'दल और दिल' बदलने का इरादा तो नहीं? https://t.co/wTMvNlKe6E— Shivpal Singh Yadav (@shivpalsinghyad) January 8, 2024
बता दें कि कयास लगाए जा रहे हैं कि बसपा इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए कांग्रेस से हाथ मिला सकती है पर अभी तक आधिकारिक रूप से इस पर कुछ भी नहीं कहा गया है। माना जा रहा है कि बसपा-कांग्रेस मिलकर यूपी में भाजपा को कड़ी चुनौती दे सकती है पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इसके पक्ष में नहीं हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती भी सपा पर हमलावर हैं और लगातार सख्त टिप्पणी करती रही हैं। सोमवार को भी उन्होंने सपा को दलित विरोधी करार देते हुए गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाई। मायावती ने गठबंधन में शामिल होने को लेकर स्पष्ट तौर पर अभी कुछ भी नहीं कहा है।