चुनावी हार का बदला अफसरों से लेंगे 'सरकार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा लोकसभा चुनाव में हार के बाद बदलाव के कड़े कदम उठा रही है। अखिलेश ने कल 36 मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया तो अब सरकार अफसरों पर डंडा चलाएगी।
मकसद साफ है पार्टी चुनाव में करारी हार के बाद जनता के बीच अपनी छवि बदलने के लिए ठोस निर्णय करने जा रही है।
इसमें भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी शामिल है। लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भ्रष्ट अधिकारियों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें बर्खास्त किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आज से ही ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को चिह्नित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बीते दो सालों में उनकी सरकार में बहुत काम हुए पर जनता के बीच इसे नहीं पहुंचाया गया।
किया परियोजनाओं का शिलान्यास
शिवपाल ने बुधवार को राजकीय निर्माण निगम मुख्यालय गोमतीनगर में 62.76 करोड़ रुपये की लागत से 28 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि अधिकारी अच्छा काम करें। पिछली सरकार में कुछ ऐसे अभियंताओं की भर्ती कर ली गई जो निर्माण कार्यों का प्रस्ताव तक नहीं बना पाते हैं।
उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों को हटाने के बाद ही हम विकास कार्यों में मुकाबला कर पाएंगे। लोक निर्माण विभाग, राजकीय निर्माण निगम और सेतु निगम ने पिछले दो सालों में बेहतर काम किए हैं।
जिन सड़कों की हालत खराब थी उसे ठीक कर दिया गया है। प्रदेश में सरकार बनाने के बाद हमें भ्रष्टाचार व महंगाई से काफी लड़ना पड़ा, लेकिन अब हमारा काम रास्ते पर है।
मोदी पर भी हमला
शिवपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव में करारी हार पर कहा कि सरकार ने बहुत काम किए हैं, लेकिन जनता के बीच इसका संदेश नहीं दिया।
नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना ही कहा कि लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं कि उनके यहां खूब विकास हुआ है और इसमें हमारे लोग भी शामिल हो जाते हैं। इस झूठे प्रचार में हमारा काम छिप जाता है।
28 परियोजनाओं का शिलान्यास
शिवपाल यादव ने यहां राजकीय निर्माण निगम मुख्यालय में 62.76 करोड़ की लागत से 28 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसमें एक सर्किट हाउस, 7 निरीक्षण भवन, 5 ट्रांजिट हास्टल, 12 जिलों में राजकीय आवास तथा 2 कार्यालय भवन शामिल हैं।
उन्होंने विश्वेश्वरैया भवन के जीर्णोद्धार का भी लोकार्पण किया।