हनी ट्रैप से ठगी का शिकार हुआ सचिवालय का समीक्षा अधिकारी, गिफ्ट के नाम पर दे दिए लाखों रुपये
विधान सभा सचिवालय का एक समीक्षा अधिकारी हनी ट्रैप का शिकार हो गया। फेसबुक पर दोस्त बनी लंदन की महिला द्वारा भेजे गए कथित गिफ्ट को छुड़ाने के लिए सचिवालय के समीक्षा अधिकारी से 1 लाख 78 हजार 500 रुपये ले लिए। जानकारी के अनुसार सुधीर सिंह विधान सभा सचिवालय में समीक्षा अधिकारी हैं।
सुधीर सिंह की फेसबुक पर लंदन की एक महिला जेनिफर जेम्स से दोस्ती हो गई। दोनों लोगों ने आपस में मोबाइल नंबरों का भी आदान प्रदान कर लिया और व्हाट्सएप पर भी बातें होने लगीं। सुधीर के मुताबिक महिला ने उसे अपनी बातें में फंसा कर कुछ गिफ्ट और पैसे भेजने की बात कही।
पार्सल भेजने के बाद जेनिफर ने उसे बकायदा कूरियर कंपनी की ट्रैकिंग आईडी भी दी। 10 जून को सुधीर के पास फोन आया कि आपका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर आ गया है। पार्सल के क्लीयरेंस के लिए आपको 30500 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। सुधीर ने पेटीएम से यह पैसा तत्काल दिए गए अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। थोड़ी देर बाद फिर काल आई कि पार्सल के साथ कुछ पैसे पाउंड्स में हैं, इसे भारतीय रुपये में बदलने के लिए 1 लाख 48 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ेगा।
हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज
सुधीर ने अपने फोन पे खाते से 68 हजार रुपये और अपने एक मित्र के खाते से 80 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। सुधीर के पास थोड़ी देर के बाद फिर कॉल आई कि आपके पार्सल के बदले और विदेशी मुद्रा को भारतीय मुद्रा में परिवर्तित करने के लिए भारत सरकार को 4.10 लाख का भुगतान करना पड़ेगा।
इतनी बड़ी रकम टैक्स के रूप में मांगे जाने पर सुधीर को संदेह हुआ और उन्होंने मुंबई एयरपोर्ट के टॉल फ्री नंबर पर संपर्क किया। वहां से किसी भी पार्सल और पैसे की बात से इंकार कर दिया गया। इसके बाद सुधीर को ठगी का अहसास हुआ। सुधीर सिंह ने इसकी शिकायत लखनऊ के साइबर सेल में की। जिसके बाद हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।