दिग्गज सपा नेता बोले, रेप के लिए टीवी जिम्मेदार!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने यूपी में रेप की वारदातों पर ऐसे बयान दिए हैं, जिन्हें शर्मनाक कहा जाना गलत नहीं होगा।
ट्विटर पर एएनआई न्यूज के हवाल से दिए गए इन दोनों नेताओं के बयान पर सियासी संग्राम तो तय है, हालांकि अमर उजाला सबसे पहले इन बयानों को आप तक पहुंचा रहा है।
रामगोपाल यादव ने एएनआई टीवी को दिए बयान में यूपी में बेतहाशा बढ़ते अपराध और कानून की अपंगता पर बात न करते हुए एक अलग ही वजह को गैंगरेप जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार बताया।
रामगोपाल ने कहा कि टेलीविजन पर खुलेआम दिखाई जा रही वल्गैरिटी और वॉयलेंस की वजह से ही लोगों की मानसिकता दूषित हो रही है।
हार के बाद भी नहीं बदले तेवर
मीडिया में कड़ी आलोचना, सड़कों पर प्रदर्शन और विपक्ष के वार के बाद भी सपा के तेवर में जरा भी बदलाव नहीं आ रहा है।
रामगोपाल ने यह भी अखिलेश का राग अलापते हुए कहा कि बलात्कार की घटनाएं दूसरे प्रदेशों में भी हो रही हैं। उत्तर प्रदेश को जान-बूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
उधर, मुलायम सिंह यादव से जब एएनआई ने सवाल किया तो उन्होंने कहा, 'हम जानते हैं आप कौन हैं। आप लोग अपना काम करें, हमें अपना काम करने दें।'
इस तरह के बयान सपा सरका के कई मंत्री और अधिकारी वक्त-बेवक्त देते रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा, कोई नई बात नहीं
बीते दिनों बदायूं गैंग रेप कांड पर जहां प्रदेश सरकार की किरकिरी हो रही थी, वहीं सरकार के प्रवक्ता ने बेतुका बयान देकर मामले पर सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण दिया था।
प्रदेश में आए दिन हो रही बलात्कार की घटनाओं पर सरकार ने एक बेतुका बयान दिया। नियमित प्रेस ब्रीफिंग में गृह विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है।
उनका कहना था, नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े भी बताते हैं कि यहां दुराचार की रोजाना 10 घटनाएं होती हैं, इसके बावजूद यूपी क्राइम रेट में 22वें नंबर पर है। यानी 21 राज्यों में यूपी के मुकाबले ज्यादा अपराध है।
ट्विटर पर हुई थी जमकर हजामत
रेप पर टॉप थ्री टॉपिक में शामिल हुई यूपी सरकार पिछले हफ्ते अचानक सोशल मीडिया पर 'यूपी सरकार' ट्रेंड में दिखने लगी।
सीएम अखिलेश यादव के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर कैरीकेचर्स और ट्वीट्स की बाढ़ सी आ गई।
इतना ही नहीं, लोगों ने कुछ तीखे सवाल भी अखिलेश यादव से पूछे। अगर ट्विटर के टॉप टेन इंडियन ट्रेंडिंग टॉपिक्स की बात करें, तो तीन टॉपिक बदायूं रेप मर्डर केस और यूपी सरकार के महिलाओं की सुरक्षा न कर पाने से जुड़े हुए थे।
कुछ ट्वीट्स में कहा गया कि अगर यूपी सरकार अभी भी नहीं चेती, तो विधानसभा चुनाव में सूपड़ा साफ होना तय है।