राजनाथ सिंह के ड्रीम प्रोजेक्ट का बुरा हाल, पहली बारिश में ही जगह-जगह धंसा आउटर रिंग रोड
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के ड्रीम प्रोजेक्ट आउटर रिंग रोड का जिले में 14 किमी का हिस्सा पहली बारिश में ही जवाब दे गया है। जगह-जगह सड़क धंसने के कारण आवागमन ठप हो गया है। किसी तरह से बबुरीगांव तक लोग जा पाते हैं वहां से पूरी तरह से मार्ग ठप है।
अनौरा चौकी से लेकर बबुरीगांव तक आउटर रिंग रोड की कि गई पड़ताल में जो तस्वीर सामने आई है उससे साफ है कि पहली बारिश भी आउटर रिंग रोड झेल नहीं पाया है। करीब दस दिन पहले रिंग रोड का एक हिस्सा बारिश की वजह से धस गया है। उसकी मरम्मत की गई थी किन्तु बुधवार की बारिश के बाद कई स्थानों पर रिंग रोड धंस जाने के कारण निर्माण के गुणवत्ता की पोल खुल गई है।
जिले की सीमा में आउटर रिंग रोड़ का निर्माण अनौरा कला से लेकर कुर्सी मार्ग तक करीब 14 किमी तक किया गया है। इस मार्ग के निर्माण पर करीब चार सौ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च हुई है। बृहस्पतिवार को जब मार्ग धंसने की पड़ताल की गई तो पता चला कि मंगलवार की देर रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश में यह मार्ग माती पुल के पास, मुरादाबाद मोड़ के निकट, चकहार गांव के पास, बबुरिहा मोड़ के निकट और जमुवासी मोड़ के पास जगह-जगह धंस गया है। जिससे कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगने लगे हैं।
यहां तक कहा जाने लगा है कि मार्ग के निर्माण में मानकों को पूरी तरह से नजरंदाज किया गया है। वरना पहली बरसात में ही मार्ग का यह हाल कभी न होता। आउटर रिंग के जगह-जगह धंस जाने की वजह से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। छोटे-छोटे वाहनों को इस मार्ग से जैसे-तैसे गुजारा जा रहा है।
पहली बारिश में ही मार्ग धंसने की सूचना मिलते ही एनएचआई के अधिकारियों के हड़कंप मच गया है और मार्ग को दुरुस्तछ करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सीमेंट गिट्टी की ढलाई कर मार्ग को सही करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है जिससे मार्ग के निर्माण में जो कमियां सामने आ रही हैं उनको छिपाया जा सके।
आउटर रिंग रोड का उद्धघाटन तत्कालीन गृहमंत्री (मौजूदा रक्षामंत्री) राजनाथ सिंह ने परिवहन मंत्री नितिन गड़करी के साथ 7 मार्च 2019 में किया था। इस मार्ग के निर्माण का कार्य अभी चार माह पूर्व ही पूरा हुआ है। लेकिन किसी को क्या पता था कि पहली बारिश में ही यह मार्ग इस तरह से दगा दे जाएगा कि मार्ग पर आवागमन ही बंद हो जाएगा।
बारिश की वजह से आउटर रिंग रोड कई स्थानों पर धंस गया है जिसके कारण मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है। जहां-जहां पर मार्ग धंसा है वहां पर मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जैसे ही मार्ग की मरम्मत का कार्य पूरा हो जाएगा मार्ग पर आवागमन सुचारु कर दिया जाएगा।
पी. शिवशंकर, निदेशक एनएचआई