{"_id":"63974a822a13974d9719ce51","slug":"raebareli-news-youth-killed-with-shovel-skeleton-found-in-forest-after-16-days-case-was-registered-on-mothe","type":"story","status":"publish","title_hn":"Raebareli News : युवक की फावड़े से हत्या, 16 दिन बाद जंगल में मिला कंकाल, मां की तहरीर पर दर्ज किया गया था केस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Raebareli News : युवक की फावड़े से हत्या, 16 दिन बाद जंगल में मिला कंकाल, मां की तहरीर पर दर्ज किया गया था केस
Mon, 12 Dec 2022 09:06 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 12 Dec 2022 09:06 PM IST
सार
भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे निकासू मजरे बेेलाभेेला गांव निवासी संदीप (18) 26 नवंबर 2022 को घर से लापता हो गया था। मां सुखरानी की तहरीर पर पुलिस ने युवक के अपहरण का केस दर्ज किया था।
विज्ञापन
विस्तार
भदोखर थाना क्षेत्र में एक युवक की फावड़े से हत्या करके शव को जंगल में फेंक दिया गया। 16 दिन बाद सोमवार को युवक का कंकाल बरामद हुआ। मृतक की पहचान उसकी जैकेट से हुई। मृतक युवक अपने दोस्त की हत्या में नामजद था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
विज्ञापन
भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे निकासू मजरे बेेलाभेेला गांव निवासी संदीप (18) 26 नवंबर 2022 को घर से लापता हो गया था। मां सुखरानी की तहरीर पर पुलिस ने युवक के अपहरण का केस दर्ज किया था। वहीं दूसरी तरफ पूरे निकासू निवासी रामकेश की 27 नवंबर को हत्या कर दी गई थी। रामकेश की हत्या के मामले में उसके दोस्त संदीप और उसकी मां सुुखरानी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
सोमवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि भदोखर क्षेत्र के रजवापुर स्थित जंगल में एक कंकाल पड़ा है। पुलिस ने पहुंचकर कंकाल को कब्जे में लिया। घटनास्थल पर सिर धड़ से अलग पड़ा था। मौके से पुलिस को मृतक के जूते, फावड़ा, लोहे का छल्ला, जैकेट मिली। जैकेट के जरिए मां सुखरानी ने कंकाल की पहचान अपने बेटे संदीप के रूप में की। थानेदार यशकांत सिंह ने बताया कि संदीप की फावड़े से काटकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया था।
विज्ञापन
रामकेश ने पहले संदीप को मारा और फिर किसी ने कर दी रामकेश की हत्या
भदोखर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना के बाद पुलिस की जांच में जो खुलासा हुआ है, वह बेेहद चौंकाने वाला है। थानेदार के मुताबिक पूरे निकासू गांव निवासी रामकेश और संदीप आपस में दोस्त थे। रामकेश का संदीप की बहन के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। संदीप का इसका विरोध कर रहा था।
26 नवंबर को रामकेश बाइक से दोस्त संदीप को लेकर रजवापुर जंगल की तरफ ले गया। वह अपने साथ फावड़ा भी ले गया था। रामकेश ने पहले संदीप को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। शव जंगल में ही छोड़कर रामकेश घर आ गया। दूसरे दिन 27 नवंबर को रामकेश का शव गांव के बाहर पेड़ सेे लटकता पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रामकेश की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
मामले में मृतक संदीप और उसकी मां सुखरानी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। दोस्त के हत्या के मामले में जिस संदीप की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी, उसकी हत्या पहले ही कर दी गई थी। सवाल उठ रहे हैं कि रामकेश ने संदीप की हत्या की लेकिन रामकेश की हत्या किसने की। पुलिस सूत्र बताते हैं कि रामकेश की हत्या में उसके करीबी लोग शामिल हैं। कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
खाकी के लिए चुनौती बना दो युवकों का कत्ल
दो युवकों की हत्या पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। अपर पुलिस अधीक्षक बताते हैं कि दोनों हत्याओं की गुत्थी सुलझाने के लिए 20 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। सर्विलांस टीम का सहारा लिया गया, लेकिन वारदात की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है।
लखनऊ में होगा पोस्टमार्टम
युवक के कंकाल का पोस्टमार्टम लखनऊ में होगा। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि युवक का कंकाल मिला था। ऐसे में यहां पर कंकाल का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। कंकाल को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम मेडिको लीगल सेल लखनऊ में कराया जाएगा।
हत्याकांड का सीन होगा रीक्रिएट
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दो युवकों की हत्या की वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए सीन रीक्रिएट कराया जाएगा। इसके लिए कार्यवाही की जा रही है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एक्सपर्ट आएंगे और सीन रीक्रिएट करेंगे। दोनों युवकों की हत्या की जांच चल रही है।
संदीप की हत्या उसके दोस्त रामकेश ने की थी। रामकेश की हत्या किसने की, इस बारे में दोनों परिवारों के लोगों से बातचीत की जा रही है। संदिग्ध लोगों के मोबाइल का कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। जल्द पूरे घटनाक्रम का सच सामने आएगा।
वंदना सिंह, सीओ सदर