UP Politics: राज्यसभा चुनाव में हुई सात क्रास वोटिंग, कार्रवाई सिर्फ तीन बागी विधायकों पर क्यों? उठ रहे सवाल
राज्यसभा चुनाव में सात क्रास वोटिंग हुई और एक विधायक गैरहाजिर रहीं। लेकिन, कार्रवाई सिर्फ तीन बागी विधायकों पर क्यों की गई? इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
समाजवादी पार्टी ने सोमवार को तीन विधायकों को पार्टी से निकाल दिया। पार्टी के सिर्फ तीन बागी विधायकों पर ही कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। जबकि, राज्यसभा चुनाव में कुल सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और एक विधायक गैरहाजिर रहीं। वहीं, बरेली के सपा विधायक शहजिल इस्लाम का वोट रिजेक्ट होने पर भी सवाल उठे थे।
सपा सूत्र बताते हैं कि सपा नेतृत्व के खिलाफ लगातार यही तीन विधायक मनोज पांडेय, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह अभियान चलाए हुए थे। ये भाजपा के पक्ष में सक्रिय भी हैं। वहीं, शेष 5 विधायकों के मामले में वैसी स्थिति नहीं है। इनमें से कुछ तो अपने एकदम निजी हितों के चलते सत्ताधारी दल के करीब हैं। इन विधायकों के व्यवहार को सपा नेतृत्व ने भी अच्छा बताया है।
यह भी पढ़ेंः- UP: 'राम को गाली देने वाले स्वीकार नहीं...', सपा से निकाले जाने के बाद मनोज पांडेय ने अखिलेश पर कही बड़ी बात
तीन बागी विधायकों को ही निष्कासित करने का फैसला किया
सपा के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि जिन बागी विधायकों को निष्कासित नहीं किया गया है, उनमें से कुछ तो पार्टी नेतृत्व के साथ संपर्क में हैं। समय आने पर उनकी घर वापसी भी हो सकती है। सपा के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी कहते हैं कि पार्टी ने काफी सोच-समझकर तीन बागी विधायकों को ही निष्कासित करने का फैसला किया है। इसकी सूचना विधानसभा अध्यक्ष को भेजे जाने के बाबत फिलहाल वे कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है।