मुंह या मसूड़ों की त्वचा में सफेद या लाल रंग के धब्बे हों तो हो जाएं सतर्क, डॉक्टर से मिलें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंह या मसूड़ों की त्वचा में सफेद या लाल रंग के धब्बे बन रहे हों या तीन हफ्ते तक छाला बना रहे तो डॉक्टर को दिखाएं। यह मुंह के कैंसर का लक्षण हो सकता है। इसका तत्काल इलाज शुरू कर दिया जाए तो बीमारी खत्म हो जाती है।
यह कहना है केजीएमयू के ओरल पैथोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. शालीन चंद्रा का। वह ओरल पैथोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग और इंडियन एसोसिएशन ऑफ ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल पैथोलॉजिस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
देश के पहले ओरल पैथोलॉजिस्ट डॉ. एचएम ढोलकिया के जन्मदिन पर सीपी गोविला सभागार में आयोजित राष्ट्रीय ओरल पैथोलॉजिस्ट दिवस में डॉ. शालीन चंद्रा ने बताया कि मुंह का खुलना कम होना और अचानक मिर्च मसाला खाने में परेशानी होना, मुंह में सफेद लकीरें बनना और जलन होना, सूजन बनना और उसका लगातार बढ़ते रहना, गले में सूजन, मुंह की चमड़ी कड़ी हो जाना, अकारण खून बनना भी मुंह कैंसर के लक्षण होते हैं।
बायोप्सी करने के तरीके भी बताए
इस दौरान ओरल पैथोलॉजिस्ट डॉ. विनीत राज ने बताया कि तमाम मरीज शुरुआती बायोप्सी से डरते हैं। मुंह में बनने वाली गांठ या छाला कैंसर का रूप ले रहा है या नहीं, इसकी जानकारी बायोप्सी से मिल जाती है और उसी हिसाब से दवाएं चलती हैं।
उन्होंने कैंसर और प्री-कैंसर मरीजों में बायोप्सी करने की तरीके भी बताए। इससे पहले कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट् ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए लोगों को जागरूक करने की अपील की।
इस दौरान डॉ. शालिनी गुप्ता की निगरानी में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में सोलंकी, वैष्णवी, सारा व दिवेष्ट ने प्रथम स्थान, तईम, सूरज, आशीष, मो. उबैद, सचिन ने द्वितीय और अनुज, सौभाग्य, आशीष व ऋषभ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मौके पर डीन डॉ. अनिल चंद्रा, डॉ. शादाब मोहम्मद, डॉ. आरएन माथुर, डॉ. जीके सिंह मौजूूद थे।