मंदिर के पास पुजारी ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में प्रशासन समेत इन पर लगाए गंभीर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काकोरी के गदाईखेड़ा गांव में झंडेश्वर शिवमंदिर के पुजारी भगवानदीन लोधी (56) ने गुरुवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव गांव के पास नीम के पेड़ से गमछे के फंदे से लटकता मिला। पुलिस को पुजारी के पास से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें ब्लॉक पर तैनात प्रशासनिक व थाने के कुछ पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाया है।
पुजारी का ग्राम प्रधान के पति से ग्राम सभा की जमीन पर शौचालय बनवाने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह के मुताबिक, गदाई खेड़ा गांव में झंडेश्वर शिव मंदिर है। उसमें भगवानदीन लोधी पुजारी थे। पुजारी की बेटी सीता का दावा है कि उनके पिता कई सालों से मंदिर में सेवा करते थे। मंदिर के ट्रस्ट के नाम काफी जमीन है जिसके कुछ हिस्से पर प्रधान के पति देशराज यादव शौचालय बनवाने की जिद पर अड़े थे जिसका विरोध भगवानदीन कर रहे थे।
अंतिम संस्कार करने से किया इनकार
तहसीलदार ने देर शाम परिजनों को समझाने की कोशिश की। परिजन विवादित जमीन पर ही पुजारी की समाधि बनाने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। परिजनों का कहना था कि जिस जमीन के लिए उन्होंने खुदकुशी की है, उसी पर उनकी समाधि बनेगी।
प्रशासन से गुहार के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
मृतक की बेटी का आरोप है कि भगवानदीन ने वीडीओ, एडीओ पंचायत, सचिव, लेखपाल सहित सभी को प्रार्थना पत्र देकर मंदिर की जमीन पर शौचालय न बनवाने की गुहार लगाई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुसाइड नोट में खुदकुशी के पीछे प्रधान पति देशराज यादव, नरेंद्र यादव, सुधांशु यादव, वीडीओ संजीव गुप्ता, एडीओ पंचायत कमलेश जायसवाल, सचिव आलोक गुप्ता, लेखपाल संगम लाल, दरोगा विनीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
सुसाइड नोट में अंत में लिखा है कि सांसद जी मेरे बच्चों को मुख्यमंत्री से मिलवाकर न्याय दिलाने की कृपा करें। काकोरी ब्लॉक प्रमुख रामविलास रावत ने बताया कि सांसद कौशल किशोर ने भी एसडीएम को पत्र लिखा था लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। डीएम को भी पत्र भेजा था। वहीं एसीपी काकोरी सैयद मो. कासिम आबिदी ने कहा, मंदिर की जमीन पर मृतक पुजारी कब्जा किए था। उसी जमीन पर ग्राम प्रधान शौचालय बनवा रहे थे। ब्लॉक के अधिकारी सहित पुलिस पर लगाया गया आरोप गलत है।
15 जून को भी की थी खुदकुशी की कोशिश
पुजारी भगवानदीन लोधी ने 15 जून को भी खुदकुशी का प्रयास किया था। उस वक्त ग्राम प्रधान पति देशराज, बीडीओ, ग्राम समाज की जमीन को खाली कराने गए थे। प्रधान का पति व बेटा नरेंद्र ग्राम समाज की जमीन पर शौचालय निर्माण का प्रस्ताव दिया था।
लेखपाल व ब्लॉक के अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन को चिह्नित कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। निर्माण मंदिर से 100 फीट की दूरी पर कराया जा रहा है। पुजारी के परिवार में विवाहित बेटी सीता, सतरूपा, रंगोली, तनु, बेटा सौरभ हैं। पत्नी की 15 साल पहले मौत हो चुकी है।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात को प्रधान पति देशराज व उनके बेटों ने घर आकर धमकी दी थी। परिजनों ने मंदिर के पास जमीन का पट्टा, दोषियों पर कार्रवाई, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, परिजनों की सुरक्षा, दोषी कर्मचारियों को पद से हटाने सहित सात बिंदुओं का मांग पत्र सौंपा है। तहसीलदार ने उन्हें आश्वासन दिया है।