प्रयागराज, झांसी, मेरठ में जल्द मिलेगा लखनऊ के पीजीआई जैसा सुपर स्पेशियलिटी इलाज
प्रयागराज, झांसी और मेरठ के मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को जल्द एसजीपीजीआई की तरह सुपर स्पेशियलिटी इलाज की सुविधा मिलेगी। इन मेडिकल कॉलेजों में प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत नए विभागों की शुरुआत की जाएगी। यह जानकारी चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने बृहस्पतिवार को लोकभवन के मीडिया सेंटर में ‘चिकित्सा शिक्षा-द्वितीय वर्ष एक दृष्टि में’ पुस्तक के विमोचन के अवसर पर दी।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने बताया कि पीएमएसएसवाई योजना के तहत प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में आठ-आठ विभाग शुरू किए जा रहे हैं। इनमें कुल 200 बेड हैं, जिसमें 20 जनरल बेड व 40 बेड के आईसीयू की व्यवस्था होगी। पुराने मेडिकल कॉलेजों गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, झांसी, मेरठ, आगरा, हृदय रोग व जेके कैंसर संस्थान में ई-हॉस्टिल का दूसरा चरण जल्द शुरू होगा। नौ राजकीय मेडिकल कॉलेजों को 2020-21 के सत्र में शुरू करने पर कार्य चल रहा है।
कैंसर संस्थान में तीन महीने में शुरू होगा इलाज
टंडन ने बताया कि लखनऊ के सीजी सिटी कैंसर संस्थान में तीन माह में रेडियोथेरेपी की सुविधा शुरू हो जाएगी। पूर्व सरकार ने इसके लिए एटॉमिक एनर्जी रेग्युलेटरी बोर्ड (एईआरबी) की अनुमति नहीं ली थी। इसके लिए टाटा कैंसर संस्थान मुंबई के साथ एमओयू हुआ है।
इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से खोले जाने वाले चिकित्सा विवि की भूमि के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सभी मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज उससे संबद्ध होंगे। एसजीपीजीआई के 400 बेड के फेज-टू को सवा साल में शुरू किया जाएगा।