यूपी में अपराधियों के खौफ में खाकी, प्रदेश में अपराध, अराजकता व आतंक का राज: अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में अपराध, अराजकता और आतंक का राज है। भाजपा राज में बच्चियों और महिलाओं का उत्पीड़न चरम पर है।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा सिर्फ छलावा साबित हुआ है क्योंकि जब घर-बाहर बेटी सुरक्षित ही नहीं है तो वह कहां और कैसे पढ़ेगी? भाजपा सरकार पुलिस-प्रशासन पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल है।
अखिलेश ने कहा कि लखीमपुर खीरी में 13 साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी दिल दहला देने वाली है। उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। शामली के जलालाबाद क्षेत्र में एक 11 वर्षीय बालक का अपहरण और गला दबाकर हत्या कर दी गई। कानपुर में महिला की हत्या की गई। ललितपुर में युवक की गोली मारकर हत्या की दी गई।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वाराणसी में घर में घुस कर एक युवक की हत्या हुई। बलिया में एक बुजुर्ग की जान ली गई। गोंडा के मनकापुर के बल्लीपुर पासी पुरवा गांव में युवक की हत्या कर दी गई। अपनी बहन के साथ छेड़छाड़ के विरोध पर दंबगों ने उसे चाकू से गोद डाला।
यूपी में अपराधी बेलगाम
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम हैं। उनका खौफ अब तो खाकी पर भी दिखाई पड़ने लगा है। कई जगह अपराधियों के हमलों में पुलिस के जवान हताहत हुए हैं। मासूमों के साथ दरिंदगी के मामलों में बढ़त से प्रशासन तंत्र को भी सोचना होगा कि आखिर बेटियों की सुरक्षा की बातें सिर्फ दिखावा क्यों बन गई हैं?
अपराधियों को कानून का डर क्यों नहीं रह गया है? जहां तक भाजपा सरकार का सवाल है, उसकी चिंता में नागरिकों, बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा नहीं है। जबकि, कानून व्यवस्था और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने का सांविधानिक दायित्व उसी का है।