चोर बाजार में सपा विधायक की साइकिल ढूढ रही है पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा विधायक जाहिद बेग की साइकिल चोरी का मामला हजरतगंज पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।
शुक्रवार को पुलिस ने चोर बाजार में साइकिल की मरम्मत करने व खरीद-फरोख्त करने वाले 25 से अधिक दुकानदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
उधर, विधायक निवास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पार्क रोड चौकी इंचार्ज प्रेम चंद्र सिंह ने बताया कि विधायक के पास लाल रंग की रेंजर साइकिल थी, जो विधायक निवास में उनके फ्लैट के नीचे सीढ़ियों के पास ही खड़ी रहती थी।
इन जगहों पर इस तरह की जा रही है जांच
विधायक के फ्लैट में रहने वाले उनके भतीजे वाहिद ने बताया था कि साइकिल बुधवार दोपहर तीन से शाम छह बजे के बीच गायब हुई थी।
चौकी इंचाज ने बताया कि विधायक निवास में लगे सीसीटीवी कैमरे में बुधवार दोपहर तीन बजे तक की फुटेज खंगाली गई, लेकिन साइकिल ले जाते कोई चोर नहीं दिखा।
हो सकता है कि चोर पहले ही साइकिल ले गया हो, इसलिए अब तीन बजे से पहले की फुटेज भी निकलवाई गई है।
उधर, पुलिस की एक टीम शुक्रवार दोपहर दारुलशफा, लालबाग, कैसरबाग, लाटूश रोड सहित अन्य बाजार में साइकिल की मरम्मत व नई-पुरानी साइकिल खरीदने-बेचने वाली दुकानों की खाक छानती रही।
स्मैकियों से की जा रही है पूछताछ
दुकानदारों से पूछताछ की गई, लेकिन चोर का सुराग नहीं मिला। गौरतलब है कि भदोही से सपा विधायक जाहिद बेग की साइकिल बुधवार को चोरी हो गई थी।
बृहस्पतिवार को साइकिल चोरी का पता चलने के बाद विधायक के करीबी व भदोही से जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र यादव ने हजरतगंज कोतवाली में साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
स्मैकियों का काम होने की आशंका
पुलिस चोरी की वारदात को किसी स्मैकिए का कारनामा मान रही है। पुलिस ने सिविल अस्पताल के पार्किंग स्टैंड, चिड़ियाघर के आसपास व नरही में स्मैकियों के बारे में पड़ताल की।
साथ ही, विधायक निवास के बाहर चाय-बीड़ी-सिगरेट व कपड़े प्रेस करने वालों से भी पूछताछ की है।