UP Inspector Murder: लखनऊ में सनसनीखेज वारदात, पीएसी इंस्पेक्टर को गोलियों से भूना, सदमे में पत्नी और बेटी
यूपी की राजधानी लखनऊ में दिवाली की रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। लखनऊ के कृष्णानगर के मानस विहार इलाके में पीएसी में तैनात इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिस समय बदमाशों ने इंस्पेक्टर को गोली मारी, उस वक्त पत्नी और बेटी भी साथ थी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्पेक्टर की गोलियों से भूनकर हत्या करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के कृष्णानगर के मानस विहार में रविवार देर रात घर के दरवाजे पर पीएसी में तैनात एक इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
मानस विहार निवासी सतीश कुमार (52) चतुर्थ वाहिनी पीएसी प्रयागराज में क्वार्टर मास्टर के पद पर तैनात थे। वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ दीवाली पर एक रिश्तेदार के घर डिनर करने गए थे। रात करीब दो बजे वह वापस लौटे। वह कार से उतरकर घर का गेट खोल ही रहे थे तभी एक बदमाश आया और उन पर फायरिंग कर दी। इंस्पेक्टर को तीन गोलियां लगीं।
उनकी पत्नी व बेटी ने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया कि मामले में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पांच टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटाए जा रहे हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।
सदमे में पत्नी और बेटी...आंखों में कैद हो गए दहशत के पल
जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त सतीश की पत्नी भावना और बेटी पाखी (10) कार में बैठी थीं। वह दोनों भी कार से उतरने वाली ही थीं। चूंकि घर का दरवाजा खोलना था इसलिए सतीश पहले उतरे थे। तभी दोनों ने देखा कि सतीश को गोली मार दी गई। वह आनन-फानन कार से उतरकर सतीश के पास गईं। वह खून से लथपथ होकर गिर गए। चंद सेकेंड में उनकी आंखें बंद हो गईं। फिर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात मां-बेटी के दिल और दिमाग में कैद हो गई। वह दशहत में हैं।
घर पर लाते थे सेक्स वर्कर
पत्नी भावना के मुताबिक उनके पति आशिक मिजाज के थे जिसको लेकर घर में तनाव था। जनवरी में उन्हें बेटी ने घर में एक सेक्स वर्कर के साथ देख लिया था। उसके शोर मचाने पर जब मैं पहुंची तो सेक्स वर्कर भाग गई। वह सेक्स वर्कर श्रंगार नगर वाले मकान में अन्य साथियों के साथ रहती है जिसके चलते उस मकान में यह ले भी नहीं जाते थे।
उनके इस तरह कई बार करने के चलते मकान खाली कराने का हम लोग दबाव बना रहे थे। मुझे आशंका है कि वही सेक्स वर्कर मकान हाथ से न निकल जाए, इसलिए पति की हत्या करा दी।
घर के पास लगा सीसीटीवी कैमरा खराब
पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की तो सामने आया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। घर के पास एक कैमरा है, लेकिन वह खराब निकला। इसके चलते पुलिस की टीम घटनास्थल की तरफ आने जाने वाले रास्ते के एक किलोमीटर एरिया के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिससे हत्यारों के आने-आने के रूट के विषय में जानकारी हो सके।