जहरीली शराबकांड: दोस्ती की कसम देकर पिलाई दो घूंट, दांव पर लगी जिंदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
...यार दोस्ती की खातिर एक घूट पी लो। पता नहीं फिर कब मुलाकात होगी। आखिर कल तो मैं सूरत चला जाऊंगा। यह चुनाव न होता तो शायद मुलाकात भी न हो पाती। यह कहते हुए मनोज ने अपने दोस्त साहबलाल के मुंह से शराब का गिलास लगा दिया।
एक शीशी शराब में दोनों ने पी। लेकिन उन्हें क्या पता था कि शराब के दो घूंट उनकी जिंदगी के लिए काल बन जाएंगे। ट्रॉमा सेंटर में दोनों दोस्त भर्ती हैं। एक-दूसरे को देखकर बिलखते हैं। वे उस पल को कोसते हैं कि आखिर उन्हें कहां से शराब पीने की सूझ गई। वे तो कभी कभार ही शराब पीते रहे हैं।
ट्रॉमा सेंटर में भर्ती ज्यादातर पीड़ित खुद को कभी-कभी शराब पीने वाला बताते हैं। बताया कि वे रानीगंज ठेके से खरीदते रहे हैं। ट्रामा प्रभारी प्रो. सुरेश कुमार और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित रूंगटा व अन्य प्रोफेसरों ने पीड़ितों से अलग-अलग बातचीत की। कुछ से चुनावी दंगल की पार्टी से जोड़कर भी पूछताछ की, लेकिन पीड़ितों ने चुनाव में शराब बंटने की घटना से इनकार कर दिया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे एडीजी राजीव कृष्ण और कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट ने भी पीड़ितों से पूछताछ की। लेकिन शराब पीने के कारणों का कोई पुख्ता जवाब नहीं मिला। एडीजी की पूछताछ में किसी पीड़ित ने ब्रांड का नाम पावर हाउस बताया तो किसी ने विंडेज। बोतल में भरी शराब का रंग लाल बताया गया।
दुकान के गोदाम से भारी मात्रा में बरामद की शराब
पुलिस ने बाराबंकी में छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी शराब बरामद की है। शराब कांड से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है। एसपी अजय साहनी ने बताया इस मामले में दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस टीम ने रानीगंज शराब ठेके के सेल्समैन सुनील जायसवाल को गिरफ्तार कर उससे स्टाक के बारे में पूछताछ की। उसने बताया कि कस्बे के एक निर्माणधीन मार्केट में दुकान का गोदाम है। पुलिस ने वहां छापेमारी की तो भारी मात्रा में मिलावटी शराब बरामद की गई। पुलिस इस शराब को जांच के लिए भेज रही है।
इस मामले में दो अन्य आरोपियों पीतांबर निवासी ग्राम भगवानीपुरवा व शिवम जायसवाल निवासी रानीगंज को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। दुकान के ठेकेदार की तलाश में पुलिस की टीम बहराइच जिले में छापेमारी कर रही है।