चढ़ा जनता का पारा, बिजली कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
बिजली संकट के कारण त्राहि त्राहि कर रही जनता के लिए अब ये सब बर्दाश्त करना बेहद मुश्किल हो रहा है, लिहाजा मौसम के पारे के साथ ही जनता का पारा भी हो गया।
पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था ने 43.6 डिग्री पारे में गर्मी से बेहाल लोगों का बुधवार को पारा चढ़ा दिया।
मंगलवार आधी रात के बाद नादान महल रोड और इंजीनियरिंग कॉलेज उपकेंद्र पर धावा बोल तोड़फोड़ की तो बुधवार शाम को चौपटिया उपकेंद्र से जुड़े इलाकों के लोगों ने 2 जेई, 4 कर्मियों व एक ठेकेदार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
एक जेई के सिर में काफी चोटें आई हैं।
कर्मचारियों ने किया विरोध
उधर, मारपीट के विरोध में लेसा कर्मी व जूनियर इंजीनियरों ने कामकाज ठप कर दिया। इससे 5 लाख शहरियों का बिजली-पानी बंद हो गया।
मंगलवार रात करीब 2:15 बजे कक्कड़ पार्क स्थित 1000 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे जिया लाल गेट, चढ़ाई माहू लाल, खेत वाली गली, दिलाराम बारादरी, सिरके वाली गली के आसपास रहने वाले लोग बिजली-पानी संकट की चपेट में आ गए।
दोपहर तीन बजे जेई हेमंत राय दूसरा ट्रांसफार्मर लेकर कक्कड़ पार्क पहुंचे तो आसपास के 40-50 लोग डट गए।
इसलिए हुई मारपीट
शाम पौने 6 बजे जेई एवं ठेकेदार की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर चालू करने की कोशिश चल रही थी कि गऊघाट उपकेंद्र के जेई शाहबान आ गए और सराय माली खां में मंगलवार आधी रात को जले ट्रांसफार्मर को चालू करने के लिए कक्कड़ पार्क से ठेकेदार कर्मियों को ले जाने लगे।
इससे लोग भड़क गए। नारेबाजी करते हुए जेई हेमंत राय व शाहबान, ठेकेदार नकवी एवं चार कर्मियों को पीटना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों की पिटाई से हेमंत को गंभीर चोटें आई हैं। जेई के साथी और कर्मचारी चौक कोतवाली का घेराव करने को एकत्र होने लगे तो सीओ चौक सबको लेकर लेसा भवन आए और छह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर चौपटिया निवासी प्रशांत और सचिन को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद जेई व कर्मचारी काम पर लौटे। रात 8.15 बजे मेडिकल कॉलेज सहित सात उपकेंद्रों की बिजली चालू हो सकी।
भाग खड़े हुए कर्मचारी
पूर्व नादान महल रोड उपकेंद्र इलाके में तीन ट्रांसफार्मर जलने से पटरी से उतरी आपूर्ति को बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार आधी रात बाद लोगों ने उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। कर्मचारी उपकेंद्र छोड़ भाग निकले।
यही हाल इंजीनियरिंग कॉलेज उपकेंद्र का भी रहा। दोनों जगहों पर गुस्साए लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने लाठी फटकार लोगों को खदेड़ा।
सर्किल प्रथम लेसा अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार वर्मा का कहना है कि जेई, ठेकेदार एवं कर्मियों की पिटाई करने वाले छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसमें से पुलिस ने सचिन और प्रशांत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद जेई काम पर वापस लौट आए और बंद उपकेंद्र की बिजली चालू कर दी गई।