परशुराम तीर्थ की मिट्टी और जलकलश पहुंचा अयोध्या, ट्रस्ट को सौंपे 108 गांवों से जुटाए 18 लाख रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान के पॉली जिले के करीब 300 रामभक्त भजन-कीर्तन करते हुए गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। उन्होंने शुक्रवार को पॉली जिले के 108 गांवों से राममंदिर निर्माण के लिए एकत्र धनराशि राममंदिर ट्रस्ट को सौंपी। साथ में राजस्थान के प्रसिद्ध परशुराम तीर्थ की रज व जलकलश भी ट्रस्ट को भेंट किया है। इससे पूर्व रामभक्तों ने गुरुवार रात कारसेवकपुरम में भक्ति कीर्तन भी किया। घाणेराव के भजन गायक देवेंद्र रामावत एंड पार्टी के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति की।
अयोध्या में श्रीराममंदिर निर्माण के लिए पॉली जिले के 108 गांवों में धनसंग्रह अभियान चलाकर एक रुपये से लेकर दो हजार तक की धनराशि लोगों से ली गई। इसके लिए प्रत्येक गांव में जयश्रीराम अंकित एक टीन रखवाई गई थी। इससे करीब 18 लाख रुपये संग्रह हुआ जिसे शुक्रवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय पर ट्रस्ट के सुपुर्द किया गया।
कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया कि राजस्थान से करीब तीन सौ रामभक्त पहुंचे हैं जो अपने साथ परशुराम तीर्थ की रज व जल कलश के साथ करीब 18 लाख की धनराशि मंदिर निर्माण के लिए भेंट की है। इन लोगों ने कारसेवकपुरम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
कारसेवकपुरम में रामभक्तों ने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, विहिप के केंद्रीयमंत्री व धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी, राममंदिर ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता, इंजीनियर दीनानाथ वर्मा ने रत्नेश सिंह का राजस्थानी परंपरा के अनुरूप स्वागत भी किया।
इस दौरान लक्ष्मण दास, देवीदास, ईश्वर दास, चैतन्य गिरि, रणछोर गिरि, हिंदू राष्ट्र सेना के संस्थापक धनंजय देसाई, भीम सिंह सिसौदिया, नरेंद्र सिंह, भरत जी परमार सहित अन्य मौजूद रहे।
महंत नृत्यगोपाल की चौथी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष श्रीमहंत नृत्य गोपाल दास की चौथी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। जल्द ही स्वस्थ होने के साथ उनके अयोध्या पहुंचने की संभावना है। उधर, दूसरी तरफ महंत नृत्यगोपाल दास की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद देशभर में फैले उनके हजारों भक्तों में हर्ष का माहौल है। महंत नृत्यगोपाल दास विगत 13 अगस्त को उस समय कोरोना पॉजिटिव हो गए थे जब वे मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में गए थे।
बताते चलें कि महंत नृत्यगोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि न्यास के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के भी अध्यक्ष हैं। वह हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करते हैं। 13 अगस्त को उनके कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। तब से लगातार उनके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहा। अब आई रिपोर्ट से सभी शुभचिंतकों में हर्ष की लहर हैं।
विश्व हिंदू परिषद के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि महाराज जी की चौथी और अंतिम कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य में व्यापक सुधार हो रहा है। दिल्ली स्थित मेदांता हॉस्पिटल के योग्य चिकित्सक महाराज जी के स्वास्थ्य सुधार को लेकर संतुष्ट हैं। महंत नृत्य गोपाल दास के रविवार तक अयोध्या पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को अयोध्या पहुंचने पर उनका वैदिक मंत्रों के द्वारा स्वागत किया जाएगा, इसके बाद वे रामलला का दर्शन पूजन भी कर सकते हैं।
विहिप का प्रांतीय कार्यालय कोरोना की चपेट में
विश्व हिंदू परिषद का प्रांतीय कार्यालय भी कोरोना की चपेट में आ गया है। कारसेवकपुरम स्थित विहिप के प्रांतीय कार्यालय के पांच सदस्य कोरोना की चपेट में आ गए हैं। विगत दिनों मेडिकल टीम ने कार्यालय के सदस्यों सहित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की भी कोरोना जांच की थी। जिसके बाद पांच सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं राममंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की रिपोर्ट निगेटिव आई है।