मंदिर से मस्जिद तक पदयात्रा कर कांग्रेस ने साधा निशाना
अरसे बाद गुरुवार को राजधानी की सड़कों पर दिग्गज कांग्रेसी उतरे। महंगाई, ध्वस्त कानून-व्यवस्था और गन्ना किसानों की समस्याओं समेत अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस की ओर से जिलों में निकाली जा रही पदयात्रा का लखनऊ में आखिरी चरण था। ‘सद्भाव बढ़ाओ-अभाव घटाओ’ पदयात्रा के जरिये कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखाई।
दोपहर करीब एक बजे मनकामेश्वर मंदिर के पास से शुरू हुई यह पदयात्रा हनुमान सेतु, परिवर्तन चौक, जिमखाना क्लब, कैसरबाग चौराहा, लाटूश रोड, बांसमंडी चौराहा, नाका होते हुए ऐशबाग ईदगाह पर पहुंची। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने कहा कि सूबे में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। सपा सरकार नारा दे रही है ‘बन रहा है आज, संवर रहा है कल’। लेकिन सूबे के हालात ‘लुट रहा है आज, बदरंग हो रहा है कल’ जैसे हैं।
राज्यसभा सांसद राज बब्बर ने कहा कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में जिस प्रकार सद्भावना बढ़ाने का बीड़ा उठाया है उसे पार्टी पूरा करने में जुटी है। इस दौरान कांग्रेसियों ने सफेद कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश देने की कोशिश की।
पदयात्रा के जरिए दिया धर्मनिरपेक्षता का संदेश
कांग्रेस ने पदयात्रा के जरिए धर्म निरपेक्ष होने का संदेश दिया। यही वजह है कि रणनीतिकारों ने पदयात्रा मनकामेश्वर मंदिर से शुरू करके ईदगाह मस्जिद पर जाकर खत्म करवाई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि पूरे देश में सांप्रदायकि ताकतें हावी हो रही हैं। ऐसे में कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो धर्म निरपेक्षता पर विश्वास रखती है।
राजबब्बर के संग सेल्फी का क्रेज
पदयात्रा में शामिल फिल्म स्टार राज बब्बर के साथ सेल्फी लेने का क्रेज लोगों में काफी दिखा। खास तौर पर युवा कांग्रेसी उनके साथ फोटो खिंचाने के लिए बेकरार दिखे। इस कारण वे कई बार भीड़ में घिर भी गए। हालांकि राज बब्बर के सुरक्षा कर्मी उन्हें बार-बार भीड़ से बचाते रहे।
अलग-अलग खेमों में दिखे कांग्रेसी दिग्गज
पदयात्रा में भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गुटबाजी साफ दिखाई दी। सभी दिग्गज अपने-अपने समर्थकों के साथ अलग-अलग टोलियों में चलते दिखाई दिए। कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, संजय सिंह, पीएल पुनिया, जितिन प्रसाद, अन्नू टंडन अपने-अपने समर्थकों के साथ अलग-अलग खेमों में दिखे।
सड़क जाम से परेशान रहे राजधानीवासी
कांग्रेस की पदयात्रा के कारण कई जगह जाम भी लगा। जहां-जहां से यह पदयात्रा निकली वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हनुमान सेतु पर ही सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इससे यहां घंटों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
पदयात्रा में प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री, एससी-एसटी आयोग के चेयरमैन पीएल पुनिया, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर समेत बड़ी संख्या में लखनऊ, फैजाबाद एवं देवीपाटन मंडल के कांग्रेसी नेता भी शामिल हुए। पदयात्रा के समापन के बाद दिग्गज कांग्रेसियों ने ईदगाह ऐशबाग में इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली से भी मुलाकात की।