फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   nomination for block pramukh in lucknow

लखनऊ में आठ आठ ब्लॉक में प्रमुख के लिए 20 ने भरा पर्चा, एक खारिज

Fri, 09 Jul 2021 02:06 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Fri, 09 Jul 2021 02:06 AM IST
विज्ञापन
nomination for block pramukh in lucknow
लखनऊ। राजधानी में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष यानी ब्लॉक प्रमुख पदों पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को आठ विकासखंड में 20 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें बीकेटी की प्रत्याशी का नामांकन पत्र जांच में गड़बड़ पाए जाने पर खारिज कर दिया गया। वहीं, माल, मलिहाबाद में सपा व भाजपा कार्यकर्ताओं में छिटपुट झड़प व धक्कामुक्की हुई। अधिकतर जगह मुकाबला सपा व भाजपा के बीच सिमट गया है। नाम वापसी शनिवार को होगी।
विज्ञापन

माल : नारेबाजी के दौरान भिड़े सपाई व भाजपाई
नामांकन के दौरान सपा व भाजपा समर्थक ब्लॉक कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में धक्कामुक्की व हाथापाई हो गई। सपा के पूर्व विधायक इंदल कुमार रावत ने भाजपाइयों पर पीटने व पर्चा फाड़ने के प्रयास का आरोप लगाया। सपाइयों ने नामांकन न करने देने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। एडीएम सिटी केपी सिंह ने सपा प्रत्याशी को ब्लॉक गेट के अंदर पहुंचाया, जहां उन्होंने नामांकन किया। भाजपा नेता रामकुमार राही ने आरोप नकारते हुए कहा कि विवाद आपत्तिजनक नारों को लेकर हुआ था और सपा कार्यकर्ताओं ने खुद हमला किया था। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित सीट पर सपा से उमा रावत और भाजपा प्रत्याशी रामदेवी ने ही नामांकन किया है। रामदेवी के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि दिलावर, भाजपा नेता सत्येंद्र अग्निहोत्री, प्रधान अविनाश सिंह थे। ढकवा निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपमाला ने पर्चा खरीदने के बाद नामांकन नहीं किया।
विज्ञापन

मलिहाबाद : सपा और भाजपा प्रत्याशी मैदान में
सुबह 11 बजे से शुरू नामांकन प्रक्रिया के दौरान सपा व भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। धक्का-मुक्की के बीच दोनों एक दूसरे पर पर्चा छीनने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। भाजपाई ब्लॉक मुख्यालय पर धरने पर बैठ गए। उच्चाधिकारियों के मामला शांत कराने के बाद प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपाइयों ने बताया कि निर्मल कुमार का नामांकन पत्र दाखिल कराने जिला अध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी समर्थकों संग पहुंचे थे। प्रत्याशी एक सेट दे रहा था तभी सपा प्रत्याशी विद्यावती भी समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंच गईं। इसी दौरान दोनों पक्ष के समर्थक पर्चा छीनने का आरोप लगाते हुए भिड़ गए। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष विकास किशोर ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने भाजपा प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक व अनुमोदन को ही अंदर जाने दिया, जबकि सपा प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक अनुमोदक सहित सपा नेता वीरेंद्र व अन्य सपाई भी थे। इन्होंने भाजपा प्रत्याशी के सहयोगी से नामांकन पत्र का सेट छीन लिया। वहीं, सपा नेता इंदल रावत ने आरोप लगाया कि प्रशासन की मौजूदगी में भाजपाइयों ने सपा प्रत्याशी को नामांकन करने से रोका। एडीएम व एसपी ग्रामीण ह्रदयेश कुमार ने मामला शांत कराया। सीट पर सपा व भाजपा प्रत्याशी के बीच ही मुकाबला है।
विज्ञापन
विज्ञापन

सरोजनीनगर : भीड़ से कोविड प्रोटोकॉल टूटा
यहां सपा व भाजपा के उम्मीदवारों ने ही नामांकन पत्र दिया। सबसे पहले सपा प्रत्याशी व वार्ड-27 सैदपुर-पुरही से क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप कुमार रावत समर्थकों के साथ चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद वार्ड-58 से सदस्य भाजपा प्रत्याशी सुनील कुमार ने दल बल के साथ पहुंचकर दो सेट में नामांकन कराया। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन हुआ। सपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उसके पांच समर्थक ही अंदर जा सके, जबकि भाजपा प्रत्याशी के साथ कई लोग कार्यालय में थे।
मोहनलालगंज : निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में
यहां भाजपा, सपा प्रत्याशियों के अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी नामांकन कराया। हालांकि, बुधवार को पांच लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे, लेकिन दो ने इन्हें दाखिल नहीं कराया। सबसे पहले सुबह 11 बजे सपा के नवनीत सिंह ने मोहनलालगंज के विधायक अंबरीष पुष्कर, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव अमरपाल सिंह व प्रस्तावकों के साथ नामांकन कराया। भाजपा उम्मीदवार ओमप्रकाश शुक्ला जुलूस के साथ पहुंचे। पुलिस ने कार्यालय से थोड़ी दूर पहले ही काफिले को रोक दिया। बाद में जिला महामंत्री रामलाल वर्मा, भूमि विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन अशोक तिवारी के साथ ओमप्रकाश ने नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अंकुर द्विवेदी ने नामांकन कराया।
काकोरी: समर्थकों संग नामांकन करने पहुंचे प्रत्याशी
सपा प्रत्याशी कमलेश यादव ने सबसे पहले बेटे धर्मेंद्र यादव व लखनऊ बार के महामंत्री जीतू यादव के साथ पर्चा दाखिल किया। वह दूसरा सेट दाखिल करने जुलूस के साथ आए, जिसमें पूर्व विधायक मो. इरशाद खान, इंदल रावत, रंजीत रावत थे। जुलूस को कार्यालय से 200 मीटर पहले ही रोक दिया गया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी नीतू यादव ने लाव लश्कर के साथ दो सेट में पर्चा दाखिल किया। उनके साथ पति लल्लू यादव, जिला उपाध्यक्ष हंसराज लोधी, नगर पंचायत काकोरी सभासद विपिन उर्फ गोपी लोधी, जिला महामंत्री विजय मौर्या, मंडल अध्यक्ष रविराज लोधी सूरज कश्यप, कमल सैनी थे।
गोसाईंगंज : नारेबाजी के बीच गर्म रहा माहौल
नामांकन के बाद यहां मुकाबला भाजपा-सपा के बीच सिमट गया है। पर्चा दाखिल करने के लिए भाजपा व सपा प्रत्याशी दलबल के साथ पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी विनय वर्मा ने एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला व गोसाईंगंज चेयरमैन निखिल मिश्र के साथ तीन सेट में नामांकन पत्र भरा। सपा प्रत्याशी अनुज यादव ने दो सेट में नामांकन पत्र दिया। उनके साथ विधायक अंबरीश भी थे। नामांकन के लिए नारेबाजी करते हुए जा रहे सपा व भाजपा कार्यकर्ता आमने सामने भी आ गए। हालांकि पुलिस बल के साथ मौजूद प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ वर्मा ने बातचीत कर मामला शांत कराया। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई।
बीकेटी : एक पर्चा निकला गड़बड़, खारिज
बख्शी का तालाब में भाजपा से निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख मोहित सिंह की पुत्रवधू ऊषा सिंह ने नामांकन किया। सपा की रेनू यादव ने समर्थकों संग पर्चा भरा। यहां भाजपा से टिकट न मिलने के बाद भी लड़ रहीं ज्योति श्रीवास्तव ने भी नामांकन कराया। हालांकि, कमी पाए जाने पर सहायक निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया।

चिनहट : सबसे ज्यादा चार प्रत्याशी इसी विकासखंड में
यहां सबसे ज्यादा चार प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा से मंजू सिंह, सपा से शशि यादव, प्रसपा से संतोष यादव के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी ऊषा यादव ने सहायक निर्वाचन अधिकारी पल्लवी मिश्रा, मजिस्ट्रेट राजेश त्रिपाठी, एडीसीपी कासिम आब्दी व बीडीओ अमित सिंह परिहार की उपस्थिति में नामांकन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed