UP Nikkay Chunav : सपा ने कई जगह उम्मीदवार बदले तो कुछ जगह निर्दलियों पर दांव, बढ़ा आक्रोश
निकाय चुनाव के दौरान सपा ने लगातार उम्मीदवारों की अदला- बदली की है। इसे लेकर भी पार्टी नेताओं में उलझन है। पार्टी ने झांसी से पहले डा. रघुवीर चौधरी को उम्मीदवार बनाया और फिर यहां से पूर्व विधायक सतीश जतारिया को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी नगर निकाय चुनाव में डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। कई जगह अधिकृत उम्मीदवारों के पर्चा दाखिल करने के बाद उम्मीदवार बदल दिए गए हैं तो कई जगह निर्दल पर दांव लगाया गया है। इससे कुछ स्थानों पर कार्यकर्ताओं के बीच उहापोह की स्थिति बनी हुई है।
बरेली नगर निगम में सपा ने संजीव सक्सेना को उम्मीदवार घोषित किया। उन्होंने पर्चा दाखिल कर दिया है। मंगलवार को यहां से निर्दल पर्चा भरने वाले पूर्व महापौर डा. आईएस तोमर को समर्थन देने का एलान कर दिया गया। इससे यहां असमंजस की स्थिति बन गई है। जबकि, संजीव सक्सेना खुद को पार्टी उम्मीदवार बताते हुए चुनाव प्रचार में जुटे हैं। यहां बृहस्पतिवार को पर्चा वापसी का दिन है, लेकिन संजीव पर्चा वापस लेने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में यहां का चुनाव दिलचस्प हो गया है। इसी तरह नगर पंचायत भोगांव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार ही नहीं उतारे हैं। यहां दो निर्दलीय खुद को पार्टी समर्थित होने का दावा करते हुए वोट मांग रहे हैं।
हापुड़ में अनिल आजाद के नाम की घोषणा की गई। लेकिन बाद में पार्टी ने आजाद समाज पार्टी की पूजा को समर्थन देने का एलान कर दिया है। बाराबंकी में हैदरगढ़ नगर पंचायत से पूर्व विधायक राम मगन रावत ने पर्चा भरा, लेकिन दो दिन बाद पप्पू सिद्दकी को समर्थन देने का एलान कर दिया गया है। ऐसे में यहां पूर्व विधायक समर्थकों ने बगावत का एलान कर दिया है। बलिया के सिकंदरपुर में सपा ने दिनेश चौधरी को टिकट दिया है। इससे सपा विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने भीष्म यादव को निर्दल चुनाव लड़ाने का एलान कर दिया है। बांदा में सपा से पूर्व चैयरमैन मोहन साहू की पत्नी गीता साहू ने पर्चा दाखिल किया और बाद में सपा ने विदित त्रिपाठी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। उम्मीदवार बदलने के पीछे पार्टी के नेता जिताऊ और टिकाऊ की दुहाई दे रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच उहापोह बढ़ता जा रहा है। पिलखुआ में पहले मो़ बिलाल को टिकट दिया गया और बाद में प्रवीण प्रताप को बना दिया गया।
खलीलाबाद में पूर्व चेयरमैन जगत जायसवाल ने सपा से पर्चा भरा और सोमवार को पार्टी ने पवन छापड़िया को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। मेहदावल से कृतिका पांडेय ने पर्चा भरा और उनकी जगह अब लक्ष्मी निषाद को उम्मीदवार घोषित कर दिया गया है। हैंसर नगर पंचायत से मनीषा पासवान के पर्चा भरने के बाद अब सुभावती ने भी पर्चा भर दिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से विचार विमर्श के बाद कुछ स्थानों पर उम्मीदवार बदले गए हैं। ये सभी जिताऊ उम्मीदवार हैं।
लगातार हुई अदला- बदली
निकाय चुनाव के दौरान सपा ने लगातार उम्मीदवारों की अदला- बदली की है। इसे लेकर भी पार्टी नेताओं में उलझन है। पार्टी ने झांसी से पहले डा. रघुवीर चौधरी को उम्मीदवार बनाया और फिर यहां से पूर्व विधायक सतीश जतारिया को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसी तरह गाजियाबाद से पहले नीलम गर्ग को उम्मीदवार बनाया गया था और बाद में पूनम यादव को बना दिया गया है। इसी तरह नगर पालिका परिषद अध्यक्षों के भी टिकट बदले गए हैं।