'सुनामी आएगी और मां-बेटे की सरकार जाएगी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनावी सभा के दौरान मोदी आज अलग ही मूड में थे, इस बार उन्होंने खुद को ही सुनामी बता विरोधियों को पस्त करने का प्रयास किया।
मोदी ने कहा ‘उनके मुंह में घी-शक्कर। मैं सुनामी हूं। देश में सुनामी आने वाली है। मगर ये सुनामी देश के भ्रष्टाचारियों का विनाश करेगी। देश को लूटने वालों का। ये सुनामी विनाश करेगी मां-बेटे की सरकार का। देश को बर्बाद करने वालों के लिए सुनामी आ रही है।’
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिधौली की जनसभा में कुछ इस अंदाज में कांग्रेस के उस बयान का जवाब दिया जिसमें कहा गया था कि सुनामी विनाश लाती है।
मोदी बोले, मां-बेटे परेशान
मोदी बोले कि मां-बेटे परेशान हैं। उनकी डायरी में एक भी अपशब्द नहीं बचा जो मोदी को सप्लाई न किया हो। आखिर इतना गुस्सा क्यों।
क्योंकि दिल्ली को अपनी जागीर समझने वालों ने 60 साल में पहली बार अब देखा कि एक चाय बेचने वाला उन्हें ललकार रहा है, तो बौखला गए हैं।
नरेंद्र मोदी रविवार को सिधौली के गांधी विद्यालय डिग्री कॉलेज मैदान पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
बोले कि भूखे पेट कैसे रहा जाता है, यह हमने बचपन में ही सीखा है। गरीबी में पले हैं। रात को जब चूल्हा नहीं जलता था, तो मां रात-रात भर रोती थी। गरीबी का दंश झेला है।
गरीबों के लिए घर छोड़ा
मोदी ने कहा कि मैंने गरीबों के लिए घर छोड़ा है। गरीबों की जिंदगी में बदलाव लाना है। उन्होंने युवाओं को रिझाते हुए कहा कि 18 से 28 की उम्र हर नजरिए से बेहद अहम होती है।
जिंदगी संवारने और बिगाड़ने के सारे निर्णय इसी दौरान तय होते हैं। 18 से 28 वालो अब कोई रिस्क मत लेना।
निकम्मी सरकार चुनने की गलती फिर न दोहराना। युवाओं से कहा, मैं आपका दोस्त हूं।
पढ़ें- मायावती ने कहा, अपनी जाति बताएं नरेंद्र मोदी
कांग्रेस की केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मां-बेटे में झूठ बोलने की प्रतिस्पर्धा चल रही है। मां एक झूठ बोलती है, तो बेटा दो। बोले, राहुल गुजरात गए थे।
बड़ी मजेदार बात बताकर लौट गए। आपको बताता हूं, मगर हंसना मना है। राहुल ने कहा गुजरात में 27 करोड़ को रोजगार नहीं मिला है। जबकि गुजरात की आबादी ही छह करोड़ है। हिन्दुस्तान की सवा सौ करोड़।
कांग्रेसी नेता मैदान छोड़ भागे
मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि वाह क्या सीन है। ऐसे होनहार नेता हैं हमारे राहुल भइया। उनकी इस उम्दा जानकारी पर रोएं या हंसें।
फिर जनता से सवाल पूछते हुए बोले कि क्या ऐसे नेता देश का भला कर सकते हैं? मोदी ने कहा कि कांग्रेस के कई दिग्गज चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
मैदान छोड़कर भाग गए हैं। मोदी को अनाप-शनाप कहने लगे।
मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि अखबार वालों ने उनसे पूछ लिया देश में मोदी की लहर चल रही है। मनमोहन बोले कि हमें नहीं दिख रही।
मनमोहन का उड़ाया मजाक
मनमोहन को दस साल में भ्रष्टाचार नहीं दिखा। महंगाई नहीं दिखी, तो भला मोदी की लहर कैसे दिखेगी। देखने का काम तो मां-बेटे करते रहे।
मोदी ने कांग्रेस-सपा-बसपा को एक जैसा बताते हुए कहा कि कहीं मां-बेटे की सरकार है तो कहीं बाप-बेटे का कारोबार है। अब देश इन पर भरोसा नहीं कर सकता।
काशी ने हमें जो प्यार दिया, उसे देख विरोधी दलों के हौसले पस्त हो गए हैं। ये चुनाव कोई प्रत्याशी नहीं, कोई दल नहीं बल्कि देश की सवा सौ करोड़ जनता लड़ रही है।
यूपी के सारे के सारे कमल दिल्ली पहुंचा दो। आप लोग जो धूप में खड़े होकर तपस्या कर रहे हो, मैं भरोसा दिलाता हूं, आपकी तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा।