फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   murder of a girl in forest

किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या

Mon, 14 Jun 2021 01:46 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Mon, 14 Jun 2021 01:46 AM IST
विज्ञापन
murder of a girl in forest
लखनऊ। स्कूटर्स इंडिया चौराहे से पिपरसंड रेलवे स्टेशन जाने वाली रोड पर स्थित गहरू जंगल में रविवार सुबह एक किशोरी का शव पड़ा मिला। किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। उसके दोनों हाथ की नसें भी कटी थीं। वहीं मौके से शराब व पानी की बोतलें, सिगरेट व पान मसाला के पैकेट के अलावा दो प्लास्टिक के ग्लास, रस्सी, जूते मिले हैं। किशोरी की शिनाख्त देर शाम सीतापुर के खैराबाद के महेंद्री टोला निवासी खुशी (16) के रूप में हुई। पुलिस ने पिपरसंड के ग्राम प्रधान रामनरेश पाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने दुष्कर्म की बात से इनकार किया है।
विज्ञापन

सरोजनीनगर के स्कूटर्स इंडिया चौराहे से पिपरसंड रेलवे स्टेशन रोड पर नवोदय विद्यालय है। उसके सामने गहरू जंगल है। रविवार सुबह जंगल में एक 16 साल की किशोरी का शव पड़ा मिला। शव औंधे मुंह पड़ा था। किशोरी के शरीर पर नीले रंग की टी-शर्ट व काले रंग की जींस थी। एक निजी विद्यालय की जमीन की रखवाली करने वाले मलिहाबाद निवासी सुनील सिंह ने पुलिस को वहां शव पड़े होेने की सूचना दी। पुलिस को शव से कुछ दूरी पर किशोरी के जूते, शराब व पानी की बोतलें, एक रस्सी, सिगरेट व पान मसाला पड़ा मिला। शव से कुछ दूरी पर जमीन पर ऐसे निशान मिले जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि किशोरी का हत्यारों से संघर्ष भी हुआ था। युवती की पीठ, गले, हाथ व पेट पर चाकुओं से वार किया गया था। दोनों हाथ की नसें भी काटी गई थीं। गले में ही दुपट्टा कसने का निशान भी मिला।
विज्ञापन

डीसीपी मध्य सोमेन वर्मा के मुताबिक, किशोरी की शिनाख्त सीतापुर के खैराबाद इलाके के महेंद्री टोला निवासी सुजय महेंद्र की बेटी खुशी के रूप में हुई। सुजय सरोजनीनगर इलाके में ही एसआईएल गेट के सामने एक मकान में किराए पर रहता है। सुजय आलमबाग में मामा मटन में गार्ड की नौकरी करता है। दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

बीएससी की छात्रा थी खुशी
पिता सुजय ने बताया कि खुशी सीतापुर के सिधौली स्थित एक निजी कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह पढ़ाई के साथ पिता की आर्थिक सहायता के लिए सरोजनीनगर इलाके के गौरी स्थित शिवाय ज्वेलर्स की दुकान पर काम भी करती थी। सुजय ने बताया कि उसकी पत्नी एक दिन पहले गांव चली गई थी। वह रोज की तरह शनिवार शाम 6 बजे ड्यूटी पर गया था। रविवार सुबह वापस आया तो खुशी घर पर नहीं थी। मकान मालिक से पूछा तो पता चला कि रात आठ बजे वह घर से निकली थी। सुबह काफी देर तक उसका इंतजार करता रहा। इसके बाद आसपास तलाश की। दोपहर तक तलाश करने के बाद सफलता नहीं मिली तो वह थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा। वहां पहुंचने पर युवती के शव मिलने की सूचना दी गई। पुलिस ने शव की तस्वीर दिखाई तो सुजय ने शिनाख्त खुशी के रूप में की।
कुछ दूर जाने के बाद रुक गया खोजी कुत्ता
डीसीपी मध्य सोमेन वर्मा, एडीसीपी मध्य चिरंजीव नाथ सिन्हा व एसीपी कृष्णानगर स्वतंत्र सिंह के अलावा इंस्पेक्टर सरोजनीनगर महेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉयड की टीम को बुलाया गया। किशोरी के शव के पास पहुंचने के बाद खोजी कुत्ता गहरू से पिपरसंड रोड पर आने के बाद रुक गया। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देकर हत्यारे गहरू-पिपरसंड रोड तक पैदल आने के बाद वाहन से निकल गए होंगे। पुलिस आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
साजिश की योजना बनाकर की गई हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या को योजनाबद्घ तरीके से अंजाम दिया गया है। युवती के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए। मौके पर मिली रस्सी, शराब की बोतलें व अन्य सामान इस बात की तरफ इशारा कर रहे हैं कि हत्यारे युवती से परिचित थे। वहां तक हत्या करने की योजना बनाकर ही लाया गया। मौके पर पहुंचने के बाद युवती के साथ बैठकर शराब पी गई। फिर उस पर चाकुओं से वार कर गला कसकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस रोड पर आए दिन छिनैती व लूटपाट की वारदात होती रहती हैं। इसकी जानकारी होने के बाद भी पुलिस ने गश्त नहीं बढ़ाई। मुख्य मार्ग से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात से पुलिस की गश्त करने के दावे की पोल खुल रही है।
युवती व हत्यारों के बीच हुआ था संघर्ष
युवती का शव जहां मिला था, वहीं से चंद कदमों की दूरी पर शराब, पानी की बोतलें, जूते, युवती के हेयरबैंड पड़े मिले। वहीं पास में जमीन की घास व मिट्टी के नमूने भी पुलिस ने साक्ष्य के रूप में लिए। पुलिस के मुताबिक, आशंका जाहिर की जा रही है कि युवती से हत्यारों के बीच यहां संघर्ष हुआ है। वहां मिट्टी व घास में घिसटने के निशान भी हैं। पुलिस के मुताबिक, यह भी आशंका है कि युवती की हत्या यहां करने के बाद उसे घसीटकर ले जाते समय यह निशान बने हों।

खुलासे के लिए लगाई गईं चार टीमें
डीसीपी मध्य सोमेन वर्मा के मुताबिक, वारदात के खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया गया है। सरोजनीनगर थाने की पुलिस के सहयोग के लिए सर्विलांस, क्राइम ब्रांच की टीमें भी लगी हैं। पुलिस अफसरों का दावा है कि जल्द वारदात का खुलासा हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed