MP व MLA को कमीशन लेने से फुर्सत नहीं: मुलायम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा कि एमपी, एमएलए, एमएलसी और दूसरे जनप्रतिनिधि अपने गांवों को सुधार दें तो हिंदुस्तान सुधर जाएगा, पर दुखद है कि उन्हें कमीशन लेने से ही फुर्सत नहीं है।
सैफई में कोई कमीशन नहीं लेता, इसीलिए सैफई का विकास हुआ। मुलायम रविवार को सहकारिता विभाग के चौधरी चरण सिंह सभागार में ओमवीर तोमर को अज्ञेय पुरस्कार मिलने पर भारतीय जाट सभा की लखनऊ इकाई की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
जाट समाज सोचे, क्यों कम हुआ सम्मान
जाटों से मुखातिब मुलायम ने कहा, एक जमाने में आपका राज था। अब कहां से कहां आ गए? यह स्थिति इसलिए आई क्योंकि चौधरी साहब के रास्ते को भूल गए। बागपत और मथुरा में हार जाना मामूली बात नहीं है। पूरे देश में इसका गलत संदेश गया है।
यूपी जैसा काम किसी राज्य में नहीं
मुलायम ने कहा, वे दावे से कह सकते हैं कि अखिलेश सरकार ने जितने काम किए हैं, उतने किसी राज्य सरकार ने नहीं किए। सपा सरकार ने पढ़ाई, सिंचाई और दवाई की मुफ्त व्यवस्था की। भूमि विकास बैंक के कर्ज माफ किए। महिलाओं पर जितना ध्यान सपा सरकार देती है, उतना कोई नहीं देता।
अजित को सैफई बुलाया, पर नहीं आए
सपा मुखिया ने कहा, हमने चौधरी चरण सिंह के नाम पर महाविद्यालय बनाया। शिक्षा की गुणवत्ता के कारण देश भर के छात्र पढ़ने आते हैं। चौधरी साहब का बेटा होने के नाते उन्हें (अजित को) सैफई बुलाया, लेकिन वह नहीं आए।
ये भी हुए सम्मानित
समारोह में ओमवीर तोमर के अलावा समाज सेविका शची सिंह, डीजी रेवेन्यू इंटेलीजेंस रहे देवराज सिंह, जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष एचपी सिंह परिहार, व्यवसायी व उद्यमी सुभाष चौधरी, जम्मू-कश्मीर से आए कमल सिंह को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर जाट महासभा लखनऊ के अध्यक्ष कप्तान सिंह, रामराज सिंह, धर्मेंद्र कुमार, आलोक चौधरी, प्रतिभा बालियान आदि मौजूद रहे।