एलयू से एमफिल व बीएड करने वालों को चुकानी होगी अब ज्यादा फीस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय से एमफिल और बीएड करने वालों को अब अधिक फीस देनी होगी। एमफिल की फीस में 50 फीसदी तो बीएड की चार गुना तक बढ़ाई गई है।
फीस बढ़ोतरी के पीछे एमफिल को दो से तीन सेमेस्टर और बीएड एक साल की जगह चार सेमेस्टर करना बताया गया है। वैसे तो कोर्सेज में बदलाव 2015 के प्रवेश के बाद से ही लागू हो चुका, लेकिन एलयू ने सत्र लगभग बीतने के बाद शुल्क रिवाइज किया है।
बुधवार को कुलपति प्रो. एसबी निमसे की अध्यक्षता में हुई वित्त समिति की बैठक में नए शुल्क लागू करने पर मोहर लगा दी गई। एमफिल में यदि सेल्फ फाइनेंस कोर्स का उदाहरण लें तो हिंदी के प्रत्येक सेमेस्टर की फीस 13,500 रुपये है।
दो सेमेस्टर में छात्र को 27 हजार रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब तीन सेमेस्टर के हिसाब से 40,500 रुपये देने होंगे। इसी तरह अन्य विषयों और रेग्युलर छात्रों की फीस भी प्रति सेमेस्टर बढ़ेगी।
वीसी ने बताया कि 2015 में दाखिला लेने वाले छात्रों की पढ़ाई तीन सेमेस्टर की होगी, लेकिन शुल्क दो सेमेस्टर का लिया जाएगा। एक सेमेस्टर की पढ़ाई का खर्च विवि खुद वहन करेगा।
मालूम हो कि एमफिल हिंदी के छात्र इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से कुलपति कार्यालय और विभाग से राहत मांग रहे थे। इसके अलावा वित्त समिति में कुछ अन्य निर्णय भी हुए।
फीस बढ़ने से स्टूडेंट्स को होगी परेशानी
2014-15 तक कोर्स एक साल होने के कारण इसकी सालाना फीस 2400 रुपये थी। लेकिन अब विवि 2400 रुपये प्रति सेमेस्टर परीक्षा शुल्क लगेगा। इस लिहाज से दो साल में छात्रों को 9600 रुपये देने होंगे।
सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में शासन द्वारा निर्धारित फीस में परीक्षा शुल्क शामिल होने के चलते अलग से परीक्षा शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
वहीं, एलयू व अनुदानित कॉलेजों के छात्रों को अलग से परीक्षा शुल्क देना होगा।
एलयू व संबद्ध अनुदानित कॉलेजों के करीब 350 छात्र-छात्राएं परीक्षा शुल्क बढ़ने से प्रभावित होंगे। हालांकि बीएड में नई व्यवस्था नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजुकेशन के मानकों के अनुरूप लागू की गई है।
इन पर भी सहमति
-वन टाइम सेटलमेंट के तहत विवि नगर निगम को एक मुश्त 3.70 करोड़ रुपये का भुगतान करेगा, जिससे 2.70 करोड़ का ब्यॉज माफ होगा।
- पुरानी गाड़ियों की बिक्री ओर सेलेक्शन व एडवाइजरी कमेटी के सदस्यों का दिया जाने वाला भत्ता भी दोगुना किया जाएगा।