एचटी लाइन से टकराया ताजिया, 24 लोग झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा के वजीरगंज में दसवीं मोहर्रम के जुलूस के दौरान मंगलवार की दोपहर वजीरगंज के भगोहर गांव के मजरे मोरिला के पास सड़क पार करते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक ताजिया जल गया और 24 लोग झुलस गए।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना वजीरगंज क्षेत्र के भगोहर गांव के रहने वाले शाबिर अली ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह ताजियेदारों के साथ ताजिया लेकर मातम करते गांव से निकले थे।
जुलूस गांव के मजरे मोरिला के एक स्कूल के पास पहुंचा था। रास्ते में 33 हजार केवीए की लाइन पार करने के लिए उन्होंने डुमरियाडीह सब स्टेशन के जेई के सीयूजी नंबर पर फोन करके शट डाउन करने के लिए कहा।
जेई ने उन्हें कुछ देर बाद ही फोन करके बताया कि शट डाउन कर दिया है। इसी के बाद वह ताजिया का जुलूस सड़क पार कराने लगे। इसी बीच हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ताजिया आंशिक रूप से जल गया।
इसकी चपेट में आने से गांव के जमील, फिरोज अली, रब्बी, तहशिरनिशा, राहुल भारती, सादिया, महफूज, शाबरीन, अरमान अली, शांति देवी, हाशिम अली, जामिन अली, शाकिर अली, हमजा, नसीम, चांदी, जमाल, मटोले, सिराजुद्दीन, इरफान, सलमान, अरमान, पप्पू गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में शाबिर अली ने थाना वजीरगंज में अवर अभियंता विद्युत डुमरियाडीह सब स्टेशन राधेश्याम चौहान के खिलाफ तहरीर दी है।
उधर, जेई राधेश्याम का कहना है कि उन्होंने सब स्टेशन की सारी लाइनों का शट डाउन कर दिया था। 33 हजार लाइन नवाबगंज सब स्टेशन में आती है।
इसलिए उन्हें वहां की जानकारी नहीं है। सीओ तरबगंज विजय आनंद ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कराई जा रही है।
सीतापुर में हुआ हादसा, 27 झुलसे
मंगलवार को मानपुर थाना क्षेत्र में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट से ताजिया में आग लग गई, जबकि 27 लोग बुरी तरह से झुलस गए। घटना से जुलूस में भगदड़ मच गई, जिसके चलते करीब आधा सैकड़ा लोग जख्मी हुए हैं।
मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेड़वा के ताजियेदार मंगलवार को ताजिया लेकर कर्बला जा रहे थे। ताजिया जुलूस सब्दलपुर गांव के करीब से गुजर रहा था।
उसी दौरान एक ऊंचा ताजिया हाईटेंशन लाइन के तार से टकरा गया। इससे करंट जमीन में उतर आया और ताजिया में आग लग गई। घटना को देखते ही जुलूस में भगदड़ मच गई।
करंट की चपेट में आने से टेड़वा निवासी गांव के 27 लोग बुरी तरह से झुलस गए। सूचना मिलते ही एडीएम सर्वेश कुमार, एएसपी हरदयाल सिंह व एसडीएम सर्वेश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को मदद उपलब्ध कराई।
108 नंबर एंबुलेंस से सभी घायलों को तत्काल बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां पर डाक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से डाक्टरों ने तीन घायलों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया है।