जाट समुदाय के आरक्षण पर आया मायावती का ये बयान
बसपा सुप्रीमो मायावती जाट समुदाय की आरक्षण की मांग के समर्थन में उतर आई हैं। उनका कहना है कि हरियाणा की भाजपा सरकार को जाट समुदाय की मांग पर सहानुभूति के साथ विचार करना चाहिए और आरक्षण तुरंत लागू कर देना चाहिए।
मायावती ने बयान जारी करके कहा कि चाहे कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही हो या भाजपा, दोनों ही पार्टियों ने जाटों के साथ इंसाफ नहीं किया। उन्होंने कहा, हरियाणा में जब कांग्रेस की सरकार थी तब जाट समुदाय को न्याय नहीं मिला और अब वहां पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार है तो वो भी यही गलती कर रही है।
मायावती ने कहा कि मजबूरन जाट समुदाय को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने इस आंदोलन को नियंत्रित करने को लेकर भी सरकार की निंदा की। कहा, जाट समुदाय के आंदोलन को कुचलने के लिए हरियाणा सरकार पुलिसबल और फायरिंग कर रही है, ये निंदनीय है।
माया की जाट समुदाय से अपील...
उन्होंने कहा कि जाट समुदाय को अब तक की सरकारों ने आरक्षण को लेकर सिर्फ आश्वसन ही दिया है जिसे लेकर उनमें सरकार के प्रति आक्रोश है। वे अब ज़्यादा समय तक आश्वासन के सहारे नहीं जीना चाहते बल्कि अपनी इस मांग को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहना हुआ देखना चाहते हैं।
मायावती ने कहा कि जाट समुदाय की शिक्षा और नौकरी में ओबीसी आरक्षण की मांग जायज है। वे इस मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने जाट समुदाय के इस मांग का समर्थन करते हुए इसे शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने की अपील की।