UP: मनोज कुमार सिंह को IIDC का अतिरिक्त प्रभार, सबसे ज्यादा जिम्मेदारियां देखने वाले अधिकारी बने
मनोज अफसरशाही में मुख्य सचिव के बाद सबसे ताकतवर अफसर के रूप में सामने आए हैं। लंबे समय बाद किसी अधिकारी को कृषि उत्पादन आयुक्त व आईआईडीसी की जिम्मेदारी एक साथ दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह को शासन ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया है। वह सबसे ज्यादा जिम्मेदारियां देखने वाले अधिकारी बन गए हैं।
1988 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज पिछले वर्ष से ही मुख्य सचिव पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। मगर, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा को सेवाविस्तार दिए जाने की वजह से वह मुख्य सचिव नहीं बन सके थे। तभी से मनोज को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दिए जाने की उम्मीद व्यक्त की जा रही थी। मंगलवार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त अरविंद कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंप दी। मनोज कुमार सिंह के पास अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण की भी जिम्मेदारी है।
मनोज अफसरशाही में मुख्य सचिव के बाद सबसे ताकतवर अफसर के रूप में सामने आए हैं। लंबे समय बाद किसी अधिकारी को कृषि उत्पादन आयुक्त व आईआईडीसी की जिम्मेदारी एक साथ दी गई है। इन दोनों जिम्मेदारियों के बाद प्रदेश की अर्थव्यवस्था की धुरी के रूप में काम करने वाले कृषि व उससे संबद्ध तथा औद्योगिक विकास व उससे जुड़े करीब 18 विभाग सीधे तौर पर मनोज के निर्देशन में काम करेंगे।
पूर्व मुख्य सविच राजेंद्र, आईआईडीसी अरविंद, आराधना और शकुंतला सेवानिवृत्त
पूर्व मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी सहित चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लंबी प्रशासनिक सेवा पूरी कर मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। राजेंद्र तिवारी अध्यक्ष राज्य सड़क परिवहन निगम के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। अरविंद के पास अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के साथ औद्योगिक विकास एवं आईटी-इलेक्ट्रानिक्स विभाग के मुखिया व यूपीडा तथा उपशा के सीईओ व पिकप चेयरमैन की जिम्मेदारी भी थी। आराधना ने अपर मुख्य सचिव आयुष के रूप में आखिरी जिम्मेदारी निभाई। शंकुतला गौतम श्रमायुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुईं।
श्रमायुक्त का प्रभार अनिल को, सीईओ यूपीडा व पिकप चेयरमैन का पद खाली
श्रमायुक्त के रिक्त पद पर प्रमुख सचिव श्रम अनिल कुमार तृतीय को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य सड़क परिवहन निगम के अध्यक्ष तथा पिकप के चेयरमैन और यूपीडा व उपशा के सीईओ के पद पर किसी की तैनाती नहीं की जा सकी है।