गोवा के 'केजरी' बोले, घोटाले 'बॉस' के इशारे पर हुए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अरविंद केजरीवाल भले ही अपनी सीधे-सादे पहनावे से मीडिया में छा गए हों लेकिन गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर भी एक ऐसी मिसाल हैं।
रविवार को बीजेपी की नई बनी टेक्नोक्रेट्स सेल लखनऊ को सम्बोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार समेत केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि गोवा में पेट्रोल सस्ता हो सकता है, तो फिर यूपी में क्यों नहीं। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि बिना उनकी शह के घोटाले नहीं हो सकते हैं।
कहा, बॉस का साथ पाकर ही हुआ घोटाला
पर्रिकर ने कहा कि कैग रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस सरकार के दौरान 5.40 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए।
यह सब ‘बॉस’ के संरक्षण के बिना नहीं हो सकता था। दूसरी ओर उन्होंने चीन से 78 अरब डॉलर के घाटे के कारोबार को यूपी सरकार की विफलता बताया।
पर्रिकर ने गोवा में किए अपने कामों पर बात को केंद्रित रखते हुए कहा कि गोवा में आज 1.20 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली दी जा रही है।
जबकि केंद्र के कोयला घोटाले की वजह से देश में अधिकतर जगहों पर बिजली दर पांच रुपये तक पहुंच चुकी है तो वहीं कोयला उत्पादन भी ठप है।
यूपी में सस्ता क्यों नहीं है पेट्रोल
‘गोवा में पेट्रोल पर वैट 0.1 प्रतिशत है, इतना भी इसलिए ताकि उसकी बिक्री का रिकॉर्ड रखा जा सके।
यही वजह है कि आज वहां पेट्रोल 59.25 प्रति लीटर मिलता है, जबकि बाकी जगहों पर लोगों को 20 रुपये तक ज्यादा देने पड़ रहे हैं।
पेट्रोल सस्ता होने से गोवा में मध्यम वर्ग के लोगों को हर माह 600 से 2000 रुपये तक का सीधा फायदा हो रहा है।
सरकार को होने वाले राजस्व के नुकसान की भरपाई भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर की गई है।’
रविवार को राजनाथ के रोड शो में भी हुए शामिल
कार्यक्रम के सवाल-जवाब सत्र में जातिगत आरक्षण खत्म करने पर उनकी राय पूछी गई तो पर्रिकर ने कहा कि आरक्षण कई मुद्दों से जुड़कर बना मुद्दा है, आबादी बढ़ने पर नौकरियों और सीटों की मांग बढ़ी है।
इससे पैदा हालात को नियंत्रित करने के लिए रोजगार और सीटें दोनों बढ़ानी होंगी।
मनोहर भाजपा के लखनऊ सीट से प्रत्याशी राजनाथ सिंह के रोड शो में शामिल होने गोवा से लखनऊ आए थे।