{"_id":"5ff43ddf8ebc3e3c8f32f86a","slug":"man-murdered-in-thakurganj-in-lucknow","type":"story","status":"publish","title_hn":"जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत
Tue, 05 Jan 2021 03:52 PM IST
ishwar ashish
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Tue, 05 Jan 2021 03:52 PM IST
विज्ञापन
विपिन विश्वकर्मा
- फोटो : amar ujala
लखनऊ में ठाकुरगंज की रिंग रोड चौकी के पास प्रॉपर्टी डीलर सुशील यादव व उसके साथियों ने मंगलवार को दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर विपिन विश्वकर्मा (24) की हत्या कर दी। प्रॉपर्टी डीलर ने विवाद निपटाने के बहाने उसे ऑफिस बुलाया था, जहां झगड़ा शुरू हो गया। दोनों ओर से पथराव हुआ। प्रापर्टी डीलर व उसके साथियों ने विपिन के सिर पर दो गोलियां मारीं और हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। विपिन के बड़े भाई नितिन ने सुशील, रिशू यादव व उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर कराई। पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन
एसीपी चौक आईपी सिंह ने बताया कि दुबग्गा के माधोपुर का विपिन प्रॉपर्टी का काम करता था। सुबह नौ बजे वह सूरज रावत के साथ घर से बाइक लेकर कनक सिटी के पास प्लॉट देखने की बात कहकर निकला। इलाके के लालाबाग रमना का सुशील यादव भी कनक सिटी के पास प्लॉटिंग कर रहा है। दोनों में जमीन को लेकर पहले से विवाद था। रविवार को भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था और सुशील ने विपिन की पिटाई कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। मंगलवार दोपहर उसने विपिन को कॉल कर मोबाइल फोन ले जाने के लिए बुलाया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक विपिन उसकी साइट के ऑफिस पहुंचा, जहां सुशील के अलावा उसका भतीजा रिशू व दो अन्य लोग थे। बातचीत के दौरान दोनों में झगड़ा होने लगा। विपिन व उसके साथ मौजूद सूरज रावत, अविनाश व अन्य दोस्तों ने विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष ने जमकर ईंट-पत्थर चलाए। विपिन के साथियों का कहना है कि सुशील और रिशू ने असलहे निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। रिशू ने विपिन पर गोलियां चलाईं। सिर पर दो गोलियां लगने से वह गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। विपिन को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
सांसद के बेटे के साथ कर रहा था काम
पिता रामचंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि विपिन मोहनलालगंज के सांसद कौशल किशोर के बेटे के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उसकी हत्या की खबर सुनकर सांसद पुत्र भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और पुलिस से जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि रामचंद्र परचून की दुकान के साथ प्रॉपर्टी का काम भी करते हैं। विपिन के अलावा उनका बड़ा बेटा नितिन है, जो निजी कंपनी में नौकरी करता है। अभी किसी बेटे की शादी नहीं हुई थी।