Lucknow: होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की मौत, बाइक डिवाइडर से टकराई; साथी चचेरा भाई घायल
निगोहां में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। बहन की शादी के अगले दिन हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
विस्तार
निगोहां भगवानपुर गांव के पास रविवार की सुबह सड़क हादसे में होमगार्ड भर्ती की परीक्षा देने जा रहे बाराबंकी फतेहपुर के गौरा करौंदी गांव निवासी अनुभव सिंह 28 की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से जा रहे थे और उनकी तेज रफ्तार बाइक सीधे डिवाइडर में जा घुसी।
एसओ निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि अनुभव सिंह चचेरे भाई कुलदीप सिंह के साथ बाइक से रायबरेली में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने के लिए रविवार सुबह घर से बाइक से निकले थे। बाइक अनुभव चला रहे थे। दोनों जब निगोहां के भगवानपुर गांव के पास पहुंचे,उसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में अनुभव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप सिंह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कुलदीप को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा और अनुभव के परिजनों को खबर दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने अनुभव के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को बिना पोस्टमॉर्टम के ही उनके हवाले कर दिया।
हेलमेट होती तो बच सकती थी जान
एसओ अनुज तिवारी ने बताया कि बाइक चल रहे अनुभव ने हेलमेट नहीं पहनी थी। सिर पर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अगर वह हेलमेट पहने होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
आज होनी थी बहन की विदाई, घर में मचा कोहराम
अनुभव के परिवार में पिता राजेश सिंह, मां शीला देवी और दो बहनें आकांक्षा व प्रिया हैं। मौके पर रोते बिलखते पहुंचे परिजनों ने बताया कि शनिवार को आकांक्षा की शादी हुई थी। रविवार को विदाई होनी थी। इकलौते बेटे अनुभव ने शादी ने सारी जिम्मेदारियां उठाई थीं। उनकी मौत की खबर घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।