मौत के बाद खंगाला गया छात्र का फोन, डाटा डिलीट!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ला-मार्टीनियर स्कूल के छात्र राहुल श्रीधर की मौत की गुत्थी दो दिन बाद भी नहीं सुलझ सकी है। हालांकि, पुलिस को अब राहुल के मोबाइल की कॉल डिटेल से कुछ अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
सुसाइड नोट का सच जानने के लिए भी हैंडराइटिंग का मिलान कराने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस को यह खटक रहा है कि राहुल कांस्टेंशिया मॉन्यूमेंट तक कैसे पहुंचा? वहां स्टूडेंट्स को जाने की इजाजत नहीं है और ताला लगा रहता है।
ऐसी दशा में उसे साजिशन ले जाया गया अथवा कर्मचारियों की लापरवाही रही, इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।
एसओ गौतमपल्ली सुरेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि राहुल के मोबाइल से एसएमएस, कई नंबर, कॉल डिटेल व अन्य डाटा डिलीट होने की वजह से कुछ खास जानकारी हासिल नहीं हो सकी है। कॉल डिटेल से गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।
...इस तरह की जाएगी तहकीकात
संबंधित नेटवर्क कंपनी से कॉल डिटेल मांगी गई है, जो सोमवार को मिल जाएगी। राहुल की किससे अधिक बात या चैटिंग होती थी? उसने शुक्रवार को किन लोगों से और कितनी देर बात की? संबंधित लोगों से तहकीकात कर राज जानने की कोशिश की जाएगी।
साथ ही सुसाइड नोट का सच जानने के लिए हैंडराइटिंग का मिलान कराने की कार्रवाई की जा रही है। एसओ ने बताया कि अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, कॉलेज प्रशासन राहुल के खुदकुशी करने की बात कह रहा है।
वहीं, राहुल के बड़े भाई रोहित ने खुदकुशी पर सवाल खड़े किए हैं। उसका कहना है कि राहुल खुद कूदता तो मोबाइल उसकी जेब या बस्ते में होता। छत पर रखे पेंट के खाली डिब्बे में मिले मोबाइल से डाटा डिलीट होने से जाहिर है कि उसकी हत्या के बाद मोबाइल खंगाला गया।
सुबूत मिटाकर डिब्बे में छुपाया गया। फर्श पर ढेर सारा खून न फैला होने पर उसे शक है कि राहुल के साथ अनहोनी हुई है।