अमौसी एयरपोर्ट का मामला : गर्डर रख रही क्रेन खराब होने 12 घंटे बंद रहा रनवे, 84 फ्लाइटें निरस्त, 12 डायवर्ट
इंजीनियरों की टीम करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन को दुरुस्त कर सकी। इस दौरान विमानों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, रायपुर, बंगलुरु, कोलकाता आदि जगहों पर जाने वाले पैसेंजर एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान लखनऊ आने-जाने वाली 84 फ्लाइटों को निरस्त किया गया, 12 उड़ानें डायवर्ट की गईं तथा 40 लेट रहीं।
विस्तार
अमौसी एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह टर्मिनल थ्री के निर्माण में लगी क्रेन खराब हो गई। इस कारण करीब 12 घंटे तक रनवे बंद रहा। लखनऊ आने-जाने वाली 84 फ्लाइटों को निरस्त किया गया, 12 उड़ानें डायवर्ट की गईं तथा 40 लेट रहीं। इस दौरान करीब 20 हजार यात्री परेशान हुए। एयरपोर्ट टर्मिनल यात्रियों से ठसाठस भरा रहा।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हाल ही में नया टर्मिनल टी-थ्री शुरू हुआ है। यहां से घरेलू विमानों का संचालन हो रहा है। टी-थ्री के सेकंड फेज का काम चल रहा है। इसमें गर्डर रखने का काम कर रही क्रेन की बीक (चोंच) सुबह करीब 5.30 बजे खराब हो गई। यह बीक रनवे के ऊपर आकर फंस गई। हादसा की आशंका के चलते एयरपोर्ट ट्रैफिक कंट्रोलर ने तत्काल यह सूचना अन्य एयरपोर्टों को दी। इसके बाद लखनऊ आने वाले विमानों को डायवर्ट कर दिया गया और यहां से रवाना होने वाली फ्लाइटों को तत्काल रोक दिया गया।
इंजीनियरों की टीम करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन को दुरुस्त कर सकी। इस दौरान विमानों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, रायपुर, बंगलुरु, कोलकाता आदि जगहों पर जाने वाले पैसेंजर एयरपोर्ट पहुंचे। विमानों का संचालन ठप होने से टर्मिनल खचाखच भर गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने पेयजल व बैठने की व्यवस्था कराई। एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे रनवे क्लीयर हुआ और दिल्ली से लखनऊ आने वाली एयर एशिया की उड़ान को लैंड कराया गया। इसके बाद लखनऊ से पुणे की फ्लाइट ने टेकऑफ किया।
40 विमान लेटलतीफी का शिकार
रनवे बंद होने से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बंगलूरू, जयपुर सहित विदेशों से आने व यहां से इन गंतव्यों तक जाने वाली कुल 84 फ्लाइटें कैंसिल हुईं। इसमें 45 विमान लखनऊ से रवाना होने वाले हैं, जबकि 39 फ्लाइटें दूसरे एयरपोर्ट से आने वाली रहीं। 40 विमान देरी के शिकार हुए। करीब 20 हजार यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, काफी यात्री एयरलाइंस की सूचना पर घर लौट गए, पर दूसरे शहरों से लखनऊ पहुंचे पैसेंजर टर्मिनल में डटे रहे।
मरम्मत के चलते आठ घंटे बंद रहता है रनवे
अमौसी एयरपोर्ट पर रनवे के मेंटेनेंस का काम भी चल रहा है। रात दस बजे से सुबह छह बजे तक रनवे बंद रहता है। एयरपोर्ट पर मंगलवार को टी-थ्री के विस्तार का काम कर रही क्रेन भी उस वक्त अटक गई, जब रनवे पर विमानों की आवाजाही शुरू होने वाली थी, जिससे मुश्किलें खड़ी हो गईं।
हवा में चक्कर काटती रहीं उड़ानें, डायवर्ट
रनवे बंद होने से आने वाली उड़ानें हवा में चक्कर काटती रहीं। जब एटीसी से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली तो उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया। एयर एशिया की उड़ान आईएडी-548 को वापस दिल्ली डायवर्ट किया गया। मुंबई से लखनऊ आने वाली इंडिगो की 6ई-2442 तिरुवनंतपुरम डायवर्ट की गई। कोलकाता से लखनऊ आने वाली 6ई-6139 को वाराणसी डायवर्ट किया गया। करीब दर्जनभर उड़ानें डायवर्ट हुईं।
ये विमान हुए लेट
- लखनऊ से दिल्ली जाने वाली विस्तारा एयरलाइंस की उड़ान वीटीआई-642 सवा दो घंटे, इंडिगो की 6ई-6008 एक घंटे, 6ई-5082, एयर एशिया की 812 व इंडिगो की 6ई-2243 लेट रही। दिल्ली से लखनऊ आने वाली उड़ाने इंडिगो की 6ई-538, विस्तारा की वीटीआई-641, एयर एशिया की आईएडी-738, इंडिगो की 6ई-5081, इंडिगो की 6ई-2319 एक से तीन घंटे तक लेट रहीं।
- लखनऊ से मुंबई जाने वाली विस्तारा की फ्लाइट वीटीआई-642, इंडिगो की 6ई-6008, 6ई-5082, एयर इंडिया की एआई-812, 6ई-2243 व मुंबई से लखनऊ आने वाली अकासा की एकेजे-1451, इंडिगो की 6ई-544 देरी की शिकार हुईं।
- लखनऊ से हैदराबाद की इंडिगो की उड़ान 6ई-0523, 6ई-6166, एयर एशिया की उड़ान 1955, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6166 दो घंटे तक लेट रही।
- लखनऊ से बंगलूरू की इंडिगो की फ्लाइट 6ई-435 व बंगलूरू से लखनऊ आने वाली 6ई-196 लेट पहुंचीं।
- लखनऊ से जयपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-7321, विस्तारा की फ्लाइट वीटीआई-642, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6008 सवा घंटे तक लेट रही।
-लखनऊ से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6469 डेढ़ घंटे देरी से रवाना हो सकी।
ये विमान हुए कैंसिल
-जम्मू से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-543 व लखनऊ से जम्मू जाने वाली फ्लाइट 6ई-6008।
- लखनऊ से बंगलूरू जाने वाली एयर एशिया की फ्लाइट आईएडी-2732 व बंगलूरू से लखनऊ आने वाली फ्लाइट आईएडी-1455।
-लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2111 व एयर एशिया की फ्लाइट आईएडी-552 एवं दिल्ली से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2319, 6ई-2258, 6ई-2113।
ये फ्लाइट आज भी रहेंगी निरस्त
-लखनऊ से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6166।
- लखनऊ से मुंबई जाने वाली एयर एशिया की फ्लाइट आईएडी-552 व इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2111।