Lucknow: एलडीए ने जियामऊ में ध्वस्त किया पूर्व सपा विधायक का कॉम्प्लेक्स, पास में बनना है BJP मुख्यालय
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने जियामऊ में पूर्व सपा विधायक रामपाल यादव के अवैध कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया। नजूल भूमि पर बने इस निर्माण के हटने के बाद यहां करीब 30 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। पास में प्रस्तावित भाजपा प्रदेश मुख्यालय के लिए सड़क चौड़ीकरण की तैयारी भी की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जियामऊ में पूर्व सपा विधायक रामपाल यादव के अवैध कॉम्प्लेक्स को एलडीए के प्रवर्तन दस्ते ने बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया। दस साल पहले भी एलडीए ने इस पर बुलडोजर चलाया था मगर आधा तोड़कर ही छोड़ दिया था। उस दौरान भारी विरोध पूर्व विधायक और उनके परिवार के सदस्यों की ओर से किया गया था मगर इस बार कोई विरोध जताने नहीं पहुंचा।
कॉम्प्लेक्स को तोड़ने के लिए एलडीए ने सात बुलडोजर मौके पर लगाए गए थे। उनमें से पांच से तोड़ने का काम किया जा रहा था दो रिजर्व में रखे गए थे। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए एलडीए की टीम सुबह करीब 10 बजे ही पहुंच गई थी। अधिकारियों और पुलिस के पहुंचने के बाद बिल्डिंग के ढांचे को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई और यह शाम तक चली। जानकारों ने बताया यह कॉम्प्लेक्स सीतापुर जिले की बिसवां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रामपाल यादव का था।
जिस करीब 3000 वर्ग मीटर जमीन पर यह बना था वह एलडीए की नजूल की जमीन थी। इसी को लेकर एलडीए की ओर से अप्रैल 2016 में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। उस दौरान काफी विरोध और बवाल इस कार्रवाई को लेकर हुआ था।
हालांकि इस बार कुछ नहीं हुआ और एलडीए ने बिना किसी अवरोध के बिल्डिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। अब जमीन खाली होने के बाद यहां पर 500 मीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। इसमें जियामऊ के पास पेट्रोल पंप की ओर 300 मीटर और जियामऊ इलाके की ओर 200 मीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
पास में बनना है भाजपा कार्यालय, बनेगी चौड़ी सड़क
जहां पर यह कॉम्प्लेक्स था, वहीं पास में भाजपा का प्रदेश मुख्यालय बनना है। करीब दो महीने पहले ही भाजपा ने वह जमीन एलडीए से नीलामी में 45 करोड़ रुपये में खरीदी है। कार्यालय बनने के बाद यहां पर वीआईपीओं का आवागमन होगा। इसके लिए चौड़ी सड़क भी कार्यालय के हिसाब से चाहिए होगी। इसी लिए अब आधे टूटे पड़े कॉम्प्लेक्स को एलडीए की ओर से पूरी तरह तोड़ दिया गया।
अब यहां पर करीब 30 मीटर से अधिक चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। सूत्रों का कहना है कि कार्यालय का मानचित्र पास करने के जो मानक हैं उसके हिसाब अभी वहां आसपास सड़क नहीं थी। अब ध्वस्तीकरण के बाद वह बनाई जा सकेगी।
यह अलग बात है कि इस बारे में एलडीए के अफसर कुछ नहीं बता रहे हैं। इस बारे में एलडीए के विहित प्राधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण था,जिसे तोड़ा गया है। यह पहले ही तोड़ा जा चुका था मगर कुछ हिस्सा बचा रह गया था।